Thursday , June 1 2023

Weather News Update: भीषण गर्मी में उबल रहा उत्तर प्रदेश, लखनऊ में 45 के करीब पारा, जानें- गर्मी को लेकर क्या है मौसम विभाग का पूर्वानुमान?

लखनऊ. Weather News Update- उत्तर भारत के कई राज्य इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में हैं। आसमान से आग बरस रही है। न घर में चैन है और न बाहर सुकूं। यूपी की राजधानी लखनऊ में शनिवार को 40 डिग्री पार पहुंचे पारे ने लोगों को उबाल कर रख दिया। हवा न चलने की वजह से 42 डिग्री सेंटीग्रेड का पारा भी 45 पार लग रहा था। इंसान तो इंसान बेजुबान भी सूरज की तपिश से बचते नजर आये। शनिवार सुबह 7 बजे ही असहनीय धूप शुरू हो गई थी जिसने दोपहर होते-होते विकराल रूप ले लिया। इससे पहले शुक्रवार को भी धूप ने लोगों को झुलसा कर रख दिया था। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि फिलहाल लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली। आगे भी इसी प्रकार का मौसम रहने की उम्मीद है।

उत्तर प्रदेश में लगातार भीषण गर्मी ने बेहाल कर रखा है। दिन के तापमान में बढ़ोत्तरी के साथ-साथ लोगों को रात में भी भयंकर गर्मी का अहसास हो रहा है। ऐसे में अगर बिजली चली जाये तो कोरी आखों ही रात पार हो जाती है। प्रदेश के कई शहरों में तापमान 45 डिग्री का आंकड़ा पार कर गया है। शुक्रवार को बांदा सबसे गरम रहा। यहां दिन का अधिकतम तापमान 47.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 16 मई के बाद दिल्ली और आसपास के इलाकों में बारिश हो सकती है, जिसके बाद लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।