
नई दिल्ली. Weather News Forecast– मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल रहा है। करीब एक हफ्ते की राहत के बाद अब फिर से सूरज की तपिश बढ़ने लगी है। तापमान बढ़ने से उत्तर भारत के लोगों को फिर से लू का सामना कर पड़ सकता है। उधर, चक्रवाती तूफान असानी के चलते ओडिशा के तटीय जिलों और कोलकाता सहित पश्चिम बंगाल के दक्षिणी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह चक्रवात आज शाम तक अपना असर दिखाएगा। ओडिशा और पश्चिम बंगाल में इसका सबसे ज्यादा दिखने के आसार हैं जबकि बिहार, झारखंड, सिक्किम, असम, आंध्र प्रदेश में भी इसका असर दिखाई देगा। यह 16 घंटे प्रति किलोमीटर की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग की ओर से इन सभी राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया जा चुका है।
नई दिल्ली सहित प्रदेश के कई शहरों में रविवार को पारा 40 डिग्री के करीब पहुंच गया। उत्तर प्रदेश में गर्मी को लेकर अगले तीन दिनों तक यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आने वाले दिनों में दिल्ली, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में तापमान फिर 40 डिग्री के पार पहुंच सकता है। राजस्थान में तापमान 45 का आंकड़ा पार कर सकता है। इसके चलते उत्तर भारत के लोगों को फिर से लू का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 8 मई से 10 मई तक हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के कई इलाकों में लू चलने की संभावना है वहीं, उत्तर प्रदेश और पंजाब के कई हिस्सों में 9 मई से 10 मई तक हीट वेव चलने की संभावना है।