Thursday , June 1 2023

लखनऊ में तेज बारिश के चलते गिरी दीवार, सोते समय हुई 9 की मौत, स्कूल भी बंद

लखनऊ. पिछले 24 घंटों में हो रही तेज बारिश के चलते लखनऊ में एक दीवार गिरने से नौ लोगों की मौत हो गई और दो घायल हो गए। असामान्य रूप से भारी बारिश से शहर के कई हिस्सों में जलजमाव भी हो गया है। दीवार गिरने से घायल लोगों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां डॉक्टरों ने उन्हें खतरे से बाहर बताया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले में दुख जताया है व मरने वालों को 4-4 लाख और घायलों को 2-2 लाख रुपए के मुआवजे की घोषणा की है।

संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) पीयूष मोर्दिया ने बताया कुछ मजदूर दिलकुशा इलाके में एक आर्मी एन्क्लेव के बाहर झोपड़ियों में रह रहे थे। रात भर हुई भारी बारिश के कारण आर्मी एन्क्लेव की चारदीवारी गिर गई। हम तड़के करीब तीन बजे घटनास्थल पर पहुंचे। मलबे से नौ शव निकाले गए और एक व्यक्ति को जीवित बचा लिया गया।

स्कूल बंद

रात भर लगातार बारिश के बाद आज सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश भी जारी किया गया है। कई इलाकों में ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है। लखनऊ में एक दिन में लगभग उतनी ही बारिश हुई जितनी पूरे एक महीने में होती है। भारतीय मौसम विभाग ने कहा कि पिछले 24 घंटों में शहर में 155.2 मिमी बारिश दर्ज की गई है। लखनऊ को आमतौर पर सितंबर के पूरे महीने में औसतन 197 मिमी बारिश होती है।