Saturday , June 3 2023

बारिश में भरभरा कर ढह गई दीवार, मासूम भतीजे और बुआ की दबकर हुई मौत

बाराबंकी. Barabanki News: जनपद बाराबंकी में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से एक कच्ची मिट्टी की मोटी दीवार भरभरा कर ढह गई। दीवार पर रखे छप्पर के नीचे सो रहे चार साल के मासूम और उसकी बुआ मलबे में दब गए। घटना से गांव में हड़कंप मच गया। लोगों ने आनन-फानन मलबा हटाकर दोनों को बाहर निकाला। लेकिन तब तक मासूम की मौत हो चुकी थी। वहीं घायल बुआ को आनन फानन में इलाज के लिये अस्पताल पहुंचाया गया। यहां डॉक्टर ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया। वहीं घटना से घर में कोहराम मचा। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

भरभरा कर ढह गई दीवार
पूरा मामला बाराबंकी की घुंघटेर कोतवाली क्षेत्र के पिपरिया गांव की है। जहां के निवासी खगेश्वर की 19 वर्षीय पुत्री चांदनी अपने 4 साल के मासूम भतीजे विशान्त पुत्र प्रवेश के साथ घर में कच्ची मिट्टी की दीवार पर रखे छप्पर के नीचे सो रही थी। जिले में हो रही झमाझम बारिश के कारण चारों तरफ पानी भरा है। इसे कच्ची मिट्टी की दीवार सीलन पाकर आज भरभरा कर ढह गई। जिसमें छप्पर के नीचे सो रही चांदनी और उसका 4 साल का मासूम भतीजा दोनों दब गए।

भतीजे और बुआ की मौत
वहीं छप्पर और दीवार के गिरने की आवाज सुनकर परिजन जाग गए। ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। घटना से घर में चीख-पुकार मच गई। जिसके बाद ग्रामीणों ने आनन-फानन में मलबे को हटाना शुरू किया। लोगों ने मलबे को हटाकर विशान्त और उसकी बुआ को निकाला, लेकिन मासूम की मौके पर मौत हो चुकी थी। चांदनी को गंभीर चोट आई थीं। लोगों ने उसे आनन-फानन सीएचसी पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। एक ही घर में दो मौतों से घर में कोहराम मच गया। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। इसके अलावा मौके पर पहुंचे राजस्व कर्मचारियों ने भी मामले की रिपोर्ट बनाकर तहसील प्रशासन को भेज दी है।