
लखनऊ. उत्तर प्रदेश के लाखों सरकारी कर्मचारियों के लिए अच्छी खबर है। दिवाली से पहले राज्य की योगी आदित्यनाथ सरकार सभी कर्मचारियों को डीए और बोनस का तोहफा देने जा रही है। इसके तहत 10 लाख राज्य कर्मियों, 08 लाख शिक्षकों और 12 लाख पेंशनरों को डीए और डीआर वृद्धि का लाभ मिलेगा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वित्त विभाग, राज्य कर्मचारियों के डीए में चार फीसदी वृद्धि का प्रस्ताव तैयार कर रहा है। वहीं, प्रदेश के अराजपत्रित कर्मचारियों की नजरें भी बोनस की घोषणा पर टिकी हैं।
सरकारी कर्मचारियों का डीए चार फीसदी बढ़ाने से यूपी के खजाने पर 1000 करोड़ रुपए का अतिरिक्त भार पड़ेगा। 2020 में भी योगी सरकार ने दीपावली से पहले राज्यकर्मियों को बोनस दिया था। 2021 में भी दिवाली से पहले बोनस के आदेश दिए गए थे।
समय से पहले देना होगा अक्टूबर का वेतन
राज्य सरकार यदि बढ़े हुए महंगाई भत्ते और महंगाई राहत का लाभ दीपावली से पहले देगी तो उसे अक्टूबर का वेतन समय से पहले देना होगा। क्योंकि, सितंबर के वेतन से संबंधित बिल तैयार कर आगे बढ़ाए जा चुके हैं।
बढ़े डीए का तोहफा दे चुकी है केंद्र सरकार
केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार इस वर्ष केंद्रीय कर्मचारियों के डीए में 4 फीसदी बढ़ोत्तरी का ऐलान कर चुकी है। इसके बाद केंद्रीय कर्मचारियों का डीए का 34 फीसदी से बढ़ाकर 38 फीसदी कर दिया गया है। बढ़े डीए का लाभ जुलाई से मिलेगा।