Saturday , June 3 2023

UP Election Result 2022: देश की सियासत का रुख तय करेंगे यूपी विधानसभा चुनाव के नतीजे

लखनऊ. UP Election Result 2022- उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर में विधानसभा चुनाव के लिए पड़े वोटों की गिनती शुरू हो गई है। सबकी नजर यूपी विधानसभा चुनाव के नतीजों पर है। इस साल होने वाले राष्ट्रपति चुनाव से लेकर राज्यसभा चुनाव तक के समीकरण यूपी के नतीजों पर ही निर्भर करेंगे, क्योंकि देश के सबसे अधिक जनसंख्या वाला राज्य यूपी सबसे अधिक सांसद और विधायक चुनता है। राष्ट्रपति चुनाव में सबसे अधिक भागीदारी यूपी की है तो राज्यसभा में सबसे अधिक सीटें यूपी की हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय राजनीति में जगह बनाने में लगे कुछ क्षेत्रीय दलों व दिग्गज चेहरों का भविष्य भी यूपी ही तय करेगा। यूपी चुनाव के नतीजों से ही एंटी भाजपा मोर्चे की अगुआई में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की राह तय होगी।

यूपी में 18वीं विधानसभा में कौन सी पार्टी सत्ता में आएगी, आज ही यानी 10 मार्च को तय हो जाएगा। मतगणना सुबह 8 बजे से शुरू हो गई है जो रिजल्ट आने तक जारी रहेगी। इस दौरान सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम हैं। 75 जिलों की 403 विधानसभा सीटों में पड़े मतों की गिनती 84 मतगणना केंद्रों पर की जाएगी। सबसे पहले पोस्टल बैलेट व सर्विस मतों की गणना और फिर ईवीएम की गिनती शुरू होगी। सुबह नौ बजे के बाद शुरुआती रुझान आने शुरू हो जाएंगे। यूपी विधानसभा चुनाव 2022 में कुल 4442 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, जिनमें 560 महिलाएं हैं।

चुनाव आयोग की वेबसाइट
विधानसभा चुनाव के मतगणना की डिटेल भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर https://results.eci.gov.in/ भी उपलब्ध रहेगी। यहां पांचों राज्यों की अलग-अलग टेबल होगी। वेबसाइट पर विधानसभा सीटवार डिटेल भी देखी जा सकेगी। यहां मिलने वाले रुझानों का आंकड़ा धीमा हो सकता है, लेकिन जानकारी विश्वसनीय होगी।

2017 के नतीजे
बीजेपी- 312
अपना दल- 09
सुभासपा- 04
सपा- 47
कांग्रेस- 07
बसपा- 19
रालोद- 01
निषाद पार्टी- 01
निर्दलीय- 03