Saturday , June 3 2023

MLC Chunav 2022: अब उच्च सदन में बहुमत की जंग, 27 सीटों पर वोटिंग शुरू, 09 पर पहले ही हो चुका है निर्विरोध निर्वाचन

लखनऊ. उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में दो तिहाई बहुमत हासिल करने के बाद भाजपा की नजर विधान परिषद की 36 सीटों पर है। 27 सीटों के लिए आज सुबह 8 बजे से मतदान शुरू चुका है जो शाम चार बजे तक चलेगा। मतगणना 12 अप्रैल को होगी। 09 सीटों पर पहले ही निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है। इस चुनाव में सपा और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला है, क्योंकि कांग्रेस और बहुजन समाज पार्टी ने विधान परिषद चुनाव में कोई उम्मीदवार नहीं उतारा है। हालांकि, कुछ निर्दलीय उम्मीदवार मैदान में हैं। राज्य विधान परिषद की 36 सीटें पिछली सात मार्च को संबंधित सदस्यों का कार्यकाल समाप्त होने के कारण रिक्त हो गई थीं। सदन में 37वीं सीट नेता प्रतिपक्ष अहमद हसन के निधन की वजह से खाली हुई है।

उत्तर प्रदेश की 100 सदस्यीय विधान परिषद में इस समय भाजपा के 35 सदस्य हैं जबकि सपा के 17 बसपा के चार तथा कांग्रेस, अपना दल निषाद पार्टी और निर्दल समूह का एक एक सदस्य है। शिक्षक दल के दो सदस्य हैं जबकि एक निर्दलीय सदस्य है। नौ सीटें निर्विरोध जीतने के बाद उच्च सदन में भाजपा की संख्या बढ़कर 44 होना तय है। 27 में अधिकतर नतीजे उसके पक्ष में रहे तो विधान परिषद में भी भाजपा को दो-तिहाई बहुमत हो जाएगा।