
लखनऊ. UP Elections 2022- यूपी में रविवार को एक तरफ पांचवें चरण के विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग हो रही थी, दूसरी तरफ छठे चरण के चुनाव वालों जिलों में दिग्गज ताबड़तोड़ जनसभाएं कर रहे थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बलिया, देवरिया और वाराणसी में जनसभा को संबोधित किया। वहीं, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने गोरखपुर, सिद्धार्थनगर, बलिया और महाराजगंज में भाजपा प्रत्याशियों के लिए वोट मांगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्याथ ने महाराजगंज और गोरखपुर में कई जनसभाओं को संबोधित किया। वहीं, सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महराजगंज में जनसभाएं की। वहीं, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने डोर टू डोर जनसंपर्क किया। इस दौरान सभी ने अपनी जीत के दावे करते हुए विपक्षी दलों पर निशाना साधा। वहीं, बसपा प्रमुख मायावती ने ट्वीट करते हुए कहा कि अब तक की वोटिंग से साफ है कि वास्तव में आने वाला कल अपनी पार्टी का है।
घोर परिवारवादियों को सत्ता से दूर रखना होगा: पीएम मोदी
गोरखपुर. बस्ती में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम नरेन्द्र मोदी ने कहा कि देश का हर नागरिक मेरा परिवार है। हम गरीबों को मुफ्त राशन देते हैं। सभी को मुफ्त टीका लगाते हैं। बिना किसी भेदभाव व पक्षपात के सभी को छत देते हैं। गरीबों को पांच लाख तक का मुफ्त इलाज मुहैया कराते हैं, लेकिन घोर परिवारवादियों को सिर्फ अपना परिवार ही दिखता है। ऐसे लोगों को सत्ता से हमेशा दूर रखना है। पीएम मोदी ने कहा कि यूपी में इस बार घोर परिवारवादियों और घनघोर राष्ट्रभक्तों के बीच लड़ाई हो रही है। इसलिए लोगों को एकजुट रहते हुए भाजपा को मतदान करना होगा।
उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर अभियान सिर्फ भाजपा का नहीं, बल्कि एक-एक नागरिक है। जब देश आत्मनिर्भर हो तो पिछड़ों, किसानों और युवाओं को लाभ होगा। पिछली सरकारों ने विदेश से सामान मंगवाने पर जोर दिया। इन लोगों को दूसरे देश पर निर्भर रहना अच्छा लगता है। उनको एक ही बात नजर आती है कमीशन। इसलिए ये लोग कभी आत्मनिर्भर की बात भी नहीं करते है। राष्ट्रभक्ति और परिवार भक्ति में यह फर्क होता है। इन घोर परिवारवादियों ने दशकों तक हमारी सेना को भी पूरी तरह विदेशों पर निर्भर रखा। देश के रक्षा उद्योग को बर्बाद कर दिया। अब उत्तर प्रदेश में बहुत बड़ा डिफेंस कॉरिडोर बन रहा है।
सपा शासन में यूपी लूट, डकैती, हत्या और दुष्कर्म में नंबर वन था: अमित शाह
बलिया. बीजेपी को जिताने की अपील करते हुए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने रविवार को गोरखपुर, बलिया और सिद्धार्थनगर में जनसभाको संबोधित किया। कहाकि पहले यूपी में माफियाओं का ही राज था। योगी सरकार ने पांच वर्षों में दो हजार करोड़ रुपये की भूमि माफियाओं से मुक्त कराने का काम किया है। जबकि, सपा के शासन में डकैती में लूट, हत्या, दुष्कर्म में यूपी नम्बर वन था। कहा कि पहले लोग मच्छर और माफिया से परेशान थे, अब सरकार सबका निदान कर रही है। मोदी जी ने स्वछता अभियान के जरिये मच्छर खत्म किये। योगी सरकार ने माफिया को साफ किया है। प्रदेश के कई जिले में नए मेडिकल कालेज बने हैं। योगी जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सुरक्षित प्रदेश बन चुका है। बुआ-भतीजा को चश्मे से एक जाति व धर्म दिखाई देता है। हम सबका साथ और सबका विकास करते हैं।
उत्तर प्रदेश का असली मामा हूं: शिवराज सिंह चौहान
मऊ. मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने मऊ में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। खासकर औरगंजेब और दंगेश कहकर अखिलेश यादव पर कई बार तंज सका। इस दौरान उन्होंने जनता को सपा सरकार के दौरान अपराध के दिन याद दिलाए तो भाजपा सरकार की उपलब्धियों का भी खूब बखान कर प्रत्याशी के समर्थन में माहौल बनाया। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पूरा मध्य प्रदेश उन्हें मामा कहता है जबकि वह उत्तर प्रदेश के असली मामा हैं।
मेरा बुलडोजर, हाइवे बनाता है, माफियाओं व गुंडों को दबाता है: सीएम योगी
प्रयागराज. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहाकि पूर्व के शासन में विकास का पैसा हड़प कर इत्र वाले मित्र के घर में रखा जाता था। साथ सबका था विकास सैफई परिवार का होता था। जनता के सम्मान, सुरक्षा के खिलवाड़ करने वालों पर बुलडोजर चलेगा। पूर्व की सरकार में बिजली 24 घंटे ईद मोहर्रम में मिलता था। आज 24 घंटे बिजली अनवरत मिल रहा है। सपा, बसपा की सरकार होती तो कोविड वैक्सीन बाजार में बिक जाता, आज डबल इंजन की सरकार में सभी को फ्री वैक्सीन लग रहा है। सीएम योगी ने कहाकि मेरे पास एक यंत्र है जो हाइवे भी बनाता है और माफियाओं, गुंडों को दबाता है। ये लोग बुलडोजर की आहट से घबराये हैं। जिसके पास साधन है वह नेपाल भागने की जुगाड़ में है।