
आगरा. मंत्री हो तो ऐसा! यह हम नहीं, वे तमाम लोग कह रहे हैं, जिन्होंने इस खबर के बारे में पढ़ा। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार को एक महिला दुर्घटना में घायल हो गई थी। आधे घंटे तक वह आते-जाते लोगों से मदद मांगती रही, लेकिन किसी का दिल नहीं पसीजा। तभी वहां से केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल गुजरे जो औरैया से आगरा जा रहे थे। उन्होंने घायल हालत में महिला को देखा तो तुरंत गाड़ी रोकी और तत्काल एंबुलेंस बुलाकर महिला को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया।
केंद्रीय मंत्री की संवेदनशीलता से समय रहते महिला को इलाज मिल सका। जानकारी करने पर पता चला कि महिला कानपुर की रहने वाली है और अब वह स्वस्थ है। केंद्रीय मंत्री ने जहां महिला को अस्पताल भिजवाया वहीं, उसकी कार को वर्कशॉप तक पहुंचाने का बंदोबश्त भी किया। इस दौरान वह करीब आधा घंटे तक वहीं रुके रहे। महिला की कुशलता जानने के बाद वह आगरा के लिए रवाना हुए।
किसी ने नहीं की महिला की मदद
मंत्री बघेल ने यह पूरा घटनाक्रम अपने फेसबुक अकाउंट पर शेयर करते हुए अफसोस जाहिर किया है कि आधे घंटे तक मदद मांगती रही महिला की किसी ने भी मदद नहीं की। दि एनएच जीरो भी आपसे अपील करता है कि जब भी आपके सामने सड़क हादसे में कोई घायल हो तो उसकी मदद जरूर करें। हो सकता है कि आपकी छोटी सी कोशिश से घायल को नया जीवनदान मिल सके।