Thursday , June 1 2023

UP Elections 2022: बुलंदशहर में बोले अमित शाह- योगी सरकार में बेहतर हुई कानून-व्यवस्था, नहीं थी अखिलेश के बस की बात

बुलंदशहर. UP ELections 2022- कड़ाके की ठंड में गुरुवार को यूपी के बुलंदशहर का सियासी पारा सबसे गरम रहा। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और अखिलेश यादव व जयंत चौधरी को जोड़ी ने विपक्षी दलों पर तीखे तीर चलाये। अनूपशहर में अमित शाह ने कहा कि पूर्ण बहुमत की सरकार बनने का दावा करते हुए कहा कि बीजेपी ने कहा था कि पश्चिमी यूपी को दंगा मुक्त कराएंगे और उसे कर दिखाया। आज यूपी में मां-बहनें पूरी तरह सुरक्षित हैं। किसी भी माफिया की हिम्मत नहीं इस कुछ गलत कर सके। आज माफिया या तो यूपी से बाहर हैं या फिर जेल में। कहा कि उत्तर प्रदेश में आज कानून-व्यवस्था की स्थिति बहुत बेहतर है जो अखिलेश के बस की बात नहीं थी।

अमित शाह ने कहा कि बहन जी (मायावती) और अखिलेश बाबू से पूछना चाहता हूं कि माफियाओं को सिर पर किसने चढ़ा रखा था? किसने आजम खान को अपनी गोदी में बैठा रखा था। आज यह सब कहां हैं? कहा कि बाबू कल्याण सिंह ने हंसते-हंसते अपनी सीएम की कुर्सी का त्याग कर दिया था श्रीराम मंदिर की खातिर। लेकिन इसी सपा ने कारसेवकों पर गोली चला कर राम भक्तों की हत्या की थी। अब नरेन्द्र मोदी का शासन है, देखते-देखते आसमान को छूने वाला श्रीराम मंदिर अयोध्या में बन रहा है। इस दौरान कांग्रेस पर भी निशाना साधा।

प्रियंका गांधी ने बुलंदशहर में किया जनसंपर्क
कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा ने बुलंदशहर की सिकंदराबाद विधानसभा क्षेत्र में पार्टी प्रत्याशी के लिए डोर टू डोर जनसंपर्क कर वोट मांगे। इस दौरान उन्होंने महिलाओं और बच्चों से हाथ भी मिलाया और कांग्रेस को जिताने की अपील की। प्रियंका गांधी ने ट्वीट करते हुए लिखा, “जेकेपी बॉर्डर बटालियन को पूरा करने की मांग कर रहे युवाओं पर बलप्रयोग करना निंदनीय है। तमाम भर्तियों की तरह ये भर्ती भी 2019 से लटकी हुई है। अभ्यर्थी परेशान हैं और मांग उठाने पर उन्हें पीटा जाता है। सरकार को युवाओं की बात सुन निश्चित अवधि में भर्ती पूरी करनी चाहिए।”