
लखनऊ. राष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार (द्रौपदी मुर्मू व यशवंत सिन्हा) बीते दिनों लखनऊ में थे जिससे सियासी सरगर्मी तेज भी हो गई। खासतौर पर शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा किए गए रात्रि भोज के बाद। जिसमें शिवपाल यादव और ओम प्रकाश राजभर ने भी शिरकत की। इसे न सिर्फ राष्ट्रपति चुनाव के लिए एनडीए के मतों में इजाफे के रुप में देखा गया बल्कि भविष्य के गठबंधन के भी संकेत मिले। यही नहीं इससे समाजवादी पार्टी को भी बड़ा झटका लगा है।
यह लोग पहुंचे भोज पर-
शुक्रवार की राष्ट्रपति चुनाव में एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के सम्मान में मुख्यमंत्री आवास पर रात्रि भोज का आयोजन हुआ। इसमें भाजपा के सहयोगी अपना दल (एस) के आशीष पटेल, निषाद पार्टी अध्यक्ष संजय निषाद व जनसत्ता दल लोकतांत्रिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया भी पहुंचे। लेकिन सबसे अधिक किसी की मौजूदगी ने चौकाया तो वो थे सपा विधायक शिवपाल यादव और गठबंधन के सहयोगी सुभासपा के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर। रात्रि भोज में शिरकत कर दोनों ने सपा को तगड़ा झटका दिया है। इसके अतिरिक्त बसपा के उमाशंकर सिंह भी वहां पहुंचे।
ये भी पढ़ें- डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने सीएमओ को फोन लगाकर आखिर क्यों कहा, यहां तो बैंड बजा पड़ा है साहब!
राजा भैया ने कहा यह-
रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया का साफ कहना है कि जनसत्ता दल द्रौपदी मुर्मू जी का समर्थन करेगी। उनको राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया जाना अहम बात है। राजा भैया ने इसके लिए पीएम मोदी को धन्यवाद कहा। वह बोले कि इसी कारण भाजपा के साथी दल व जो दल साथ नहीं हैं, वह भी समर्थन कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें- बोले मत्स्य मंत्री संजय निषाद- सिंघाड़े की खेती को हाईटेक बनाने में जुटे, लेकिन अब इनको नहीं बख्शेगी सरकार
राष्ट्रपति चुनाव के लिए भाजपा की स्थिति-
भाजपा गठबंधन के पास 273 विधायक है। शिवपाल, सुभासपा के छह और जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के 2 विधायकों को जोड़ दें तो यह संख्या 281 पहुंच जाएगी। सूत्रों का कहना है कि बसपा के एकमात्र विधायक उमाशकर सिंह का वोट भी मुर्मू को प्राप्त हो सकता है। इसके अतिरिक्त बसपा के 10 सांसदों के वोट भी द्रौपदी को प्राप्त होने की संभावना है।