Tuesday , June 6 2023

Mount Everest फतह करने वाली सविता इससे पहले भी कई चोटियों का कर चुकी हैं सफल आरोहण

दिल्ली. उत्तरकाशी की 24 वर्षीय सविता कंसवाल (Savita Kanswal) ने दुनिया की सबसे ऊंची और खतरनाक चोटी माउंट एवरेस्ट पर फतह कर उत्तराखंड व देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने यह उपलब्धि 12 मई की सुबह नौ बजकर पांच मिनट पर हासिल की थी। हाल में सविता का माउंट एवरेस्ट के ऊपर का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। साथ ही उनका सभी साथियों और देशवासियों को धन्यवाद करते हुए भी वीडियो सामने आया है। माउंट एवरेस्ट चढ़ने से पहले सविता कई और भी खतरनाक पहाड़ियों को फतह कर चुकी हैं।

इन चोटियों को भी किया फतह

इनमें ल्होत्से (नेपाल – 8516 मीटर), त्रिशूल (उत्तराखंड – 7120 मीटर), हनुमान टिब्बा (हिमाचल प्रदेश – 5930 मीटर), कोलाहाई (जम्मू-कश्मीर – 5400 मीटर), द्रौपदी का डांडा (उत्तराखंड – 5680 मीटर), तुलियान (जम्मू-कश्मीर – 5500 मीटर) लाबूचे (नेपाल – 6119 मीटर), चंद्रभागा ( हिमाचल प्रदेश- 6078 मीटर) जैसे पहाडी चोटियां शामिल हैं। लेकिन एवरेस्ट सबसे ऊंची है। इसकी ऊंचाई 8848.86 मीटर है।

स्थानीय लोगों के साथ-साथ कई नेताओं ने सविता को बधाई दी है। सविता अपनी चार बहनों में सबसे छोटी हैं। उनके पिता का नाम राधेश्याम कंसवाल और मां का नाम कमलेश्वरी देवी है। सविता ने कभी भी उसको बेटे की कमी महसूस नहीं होने दी।