Saturday , June 3 2023

घाघरा नदी का पानी बढ़ने से बंधे में हुआ रिसाव, ग्रामीणों ने हड़कंप, नहीं पहुंचे अधिकारी, तो लोगों ने खुद ही शुरू की मरम्मत

बाराबंकी. Flood in UP: जनपद बाराबंकी में सरयू घाघरा नदी इस समय खतरे के निशान से काफी ऊपर बह रही है। इसी के चलते बाराबंकी की रामनगर तहसील क्षेत्र में पुराने रेलवे ट्रैक के पास बाढ़ के पानी से बचाव के लिए बने बंधे में रिसाव हो गया। बंधे में रिसाव की जानकारी होते ही तराई क्षेत्र में बसे ग्रामीणों में हड़कंप का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने बंधे में रिसाव होने की जानकारी बाढ़ खंड और तहसील प्रशासन को दी। ग्रामीणों की सूचना के बाद भी बाढ़ खंड और तहसील प्रशासन कोई भी कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। जिसके चलते रात में ही ग्रामीणों ने बंधे की मरम्मत का कार्य खुद ही शुरू किया।

बाढ़ से बांध हुआ क्षतिग्रस्त
पूरा मामला रामनगर तहसील क्षेत्र के गणेशपुर डिपो बंधे का है। यहां घाघरा नदी में आने वाली बाढ़ से बचाव के लिए बंधा बनाया गया है। इस समय हो रही बारिश और नेपाल से छोड़े गए लाखों क्यूसेक पानी से जिले में तीन तहसील क्षेत्र से होकर गुजरने वाली सरयू नदी से बाढ़ के भयानक हालात बन रहे हैं। नदी खतरे के निशान से करीब 1 मीटर ऊपर बह रही है।

लोगों ने खुद ही शुरू की मरम्मत
इसी बाढ़ के चलते पुराने रेलवे ट्रैक के पास बने इस बंधे में रिसाव हो गया। बंधे में रिसाव की जानकारी होते ही तराई क्षेत्र में बसे ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना बाढ़ खंड और तहसील प्रशासन को दी। वहीं ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना के बाद भी बाढ़ खंड और तहसील प्रशासन का कोई भी अधिकारी और कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। जिसके चलते रात में ही उन लोगों को बंधे की मरम्मत का काम खुद ही शुरू करना पड़ा।