Thursday , June 1 2023

Russia-Ukraine War: रूसी राष्ट्रपति पुतिन की यूक्रेन को धमकी- पश्चिमी देशों से हाथ मिलाया तो खत्म हो जाएगा कीव

नई दिल्ली. Russia-Ukraine War- रूस और यूक्रेन के बीच जंग जारी है। इस बीच रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की को कड़ी धमकी दी है। कहा कि अगर इसी तरह यूक्रेन दुनियाभर के देशों को लामबंद करके रूस पर प्रतिबंध लगवाता रहा तो यूक्रेन की राजधानी कीव का आस्तित्व खतरे में में पड़ जाएगा। इस दौरान पुतिन ने यूक्रेन को युद्ध के लिए जिम्मेदार बताते हुए कहा कि इस युद्ध के लिए यूक्रेन का नेतृत्व जिम्मेदार है। अगर जेलेंस्की इसी तरह का काम करते रहे तो यूक्रेन के अस्तित्व के लिए संकट खड़ा हो जाएगा। इसके लिए पूरी तरह से जिम्मेदार यूक्रेन की सरकार होगी। पुतिन ने पश्चिमी देशों द्वारा लगाए गए आर्थिक प्रतिबंधों को लेकर कहा कि इस तरह के सैंक्शन से ये देश युद्ध की घोषणा कर रहे हैं।

सोमवार को यूक्रेन और रूस के बीच तीसरे चरण की बातचीत होने जा रही है। इससे पहले बेलारूस की सीमा पर दोनों देशों के बीच दो बैठकें हो चुकी हैं जिसका कोई सकारात्मक परिणाम नहीं निकला। अब यूक्रेन का यह हाल है कि शहरों में लोग पानी और बिजली को तरस रहे हैं। बहुत सारे लोगों की मौत हो रही है। बुजुर्गों और बच्चों के लिए बड़ा खतरा खड़ा हो गया है। अस्पताल तक बंद हो गए हैं।

रूस के खिलाफ हथियार उठाने को तैयार हैं यूक्रेनी
10 दिन से लगातार जारी युद्ध और रूस के तेज हमलों के बीच अब तक 14 लाख से ज्यादा यूक्रेनी लोग देश छोड़ चुके हैं। रात के समय रूस की सेनाओं ने भी मारियुपोल में जमकर बमबारी की। इसमें बहुत सारे लोगों की जान चली गई। वहीं, यूक्रेन में लोग आर्मी जॉइन करने के लिए तैयार हो गए हैं। 18 साल से 60 साल तक के लोग रूस के खिलाफ हथियार उठाने को तैयार हैं।