Saturday , June 3 2023

UP Election 2022: अखिलेश ने बेटे को नहीं दिया टिकट तो आहत राजा ICU पहुंचे, विधानसभा क्षेत्र में मचा हड़कंप

बाराबंकी. चुनावी दौर में हर पार्टी का बड़ा नेता उम्मीद लगाए बैठा रहता है कि उसे टिकट मिलेगा। ऐसे में लम्बे अर्से तक क्षेत्र का चेहरा बनने का सपना देख रहे नेता का अगर ऐन मौके पर टिकट कट जाए तो जाहिर है हर किसी के लिये यह काफी दिल दुखाने वाला होगा। चुनावी दौर में कई नेता ऐसे हैं जिनके टिकट कटे हैं। इनमें कुछ तो संभल गए, लेकिन कुछ ऐसे हैं जो काफी आहत हुए हैं। ऐसे ही बाराबंकी जिले में एक समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) नेता राजा राजीव कुमार सिंह है, जो 6 बार विधायक और एक बार मंत्री रह चुके हैं। यह अपने बेटे रिंकू सिंह के लिए दरियाबाद विधानसभा क्षेत्र (Dariyabad Vidhan Sabha Seat) से टिकट मांग रहे थे। लेकिन पार्टी ने यहां से पूर्व मंत्री अरविंद सिंह गोप (Arvind Singh Gope) को टिकट दिया है और राजा के बेटे को टिकट नहीं दिया। बेटे को टिकट न मिलने से यह सपा नेता राजा राजीव कुमार सिंह इतने आहत हुए कि आज इनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें मेदांता हॉस्पिटल के आईसीयू (Medanta Hospital ICU) वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां इनका इलाज जारी है। वहीं राजा की तबीयत खराब होने से विधानसभा क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। आपको बता दें कि राजा राजीव कुमार सिंह ने सपा की तरफ से टिकटों का ऐलान होते ही अपने समर्थकों के साथ पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। यहां तक कि उन्होंने अपने बेटे रिंकू सिंह को निर्दली चुनाव लड़ाने तक का इशारा किया है।


बेटे के लिये टिकट मांग रहे थे राजा
दरअसल बाराबंकी जिले की दरियाबाद विधानसभा से सीट पूर्व मंत्री और 6 बार विधायक रहे सपा नेता राजा राजीव कुमार सिंह (Raja Rajeev Kumar Singh) के बेटे रिंकू (Einku Singh) को टिकट मिलने की पूरी उम्मीद थी। लेकिन अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने उनके बेटे को टिकट न देकर, यहां से पूर्व मंत्री अरविंद सिंह गोप को उम्मीदवार बनाया। बेटे का टिकट कटने से सपा नेता राजा राजीव कुमार सिंह इतने दुखी हुए कि उन्होंने अपने आवास पर सैकड़ों समर्थकों के साथ दो दिन पहले पार्टी के खिलाफ नाराजगी जताई। उस समय भी वह बेचे को टिकट न मिलने से काफी आहत नजर आ रहे थे। इसी बीच आज अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। ऐसे कयास लगाये जा रहे हैं कि राजा की तबीयत खराब होने के पीछे भी इसी बात का सदमा है कि उनके बेटे को सपा ने टिकट नहीं दिया। वहीं परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए आनन-फानन में लखनऊ के मेदांता हॉस्पिटल में भर्ती कराया। जहां उनका आईसीयू वार्ड में इलाज चल रहा है।

अरविंद सिंह गोप को मिला है टिकट
आपको बता दें कि दरियाबाद विधानसभा सीट बाराबंकी जिला मुख्यालय से लगभग 40 किलोमीटर की दूरी पर है। दरियाबाद विधानसभा सीट का दर्जा वीआईपी सीट का है। इस सीट पर राजघराने से जुड़े हुए हड़ाहा स्टेट के राजा राजीव कुमार सिंह का वर्चस्व रहा है। इस विधानसभा सीट से वह 6 बार विधायक रहे। सपा सरकार में वह मंत्री भी बनाए गए थे, लेकिन 2017 के मोदी लहर में वह भाजपा के युवा प्रत्याशी सतीश चंद शर्मा से चुनाव हार गए। इस बार वह अपने बेटे रिंकू सिंह के लिये इस सीट से टिकट मांग रहे थे। लेकिन सपा ने उनके बेटे को टिकट न देकर यहां से पूर्व मंत्री अरविंद सिंह को प्रत्याशी बनाया। इस बात से आहत सपा नेता राजा राजीव कुमार सिंह की अचानक तबीयत बिगड़ गई और अब वह हॉस्पिटल में भर्ती हैं, जहां उनका इलाज जारी है।