Sunday , May 28 2023

UP Elections 2022 : यूपी की इस सीट से चुनाव लड़ सकती हैं प्रियंका गांधी, खुद को बताया सीएम कैंडिडेट फेस?

लखनऊ. UP Elections 2022- कांग्रेस पार्टी ने शुक्रवार को युवा घोषणा पत्र ‘भर्ती विधान’ जारी कर दिया है। इस दौरान कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने संकेत दिये कि उत्तर प्रदेश में वह ही कांग्रेस का मुख्यमंत्री चेहरा हो सकती हैं। पत्रकारों के सवाल पर प्रियंका गांधी ने कहा कि क्या आपको उत्तर प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की तरफ से किसी और का चेहरा दिख रहा है। हर जगह मेरा चेहरा ही दिख रहा है। जहां तक मुख्यमंत्री पद के चेहरे के बारे में सवाल है, तो मेरा ही चेहरा सबसे अधिक दिख रहा है। हालांकि, अपने चुनाव लड़ने के फैसले पर कहा कि अभी यह तय नहीं किया गया है। हालांकि, चर्चा है कि वह रायबरेली सदर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ सकती हैं। प्रियंका गांधी ने दूसरी पार्टियों से गठबंधन करने पर भी सकारात्मक संकेत दिये। कहा कि अगर हम भविष्य में किसी पार्टी के साथ जुड़ें भी तो हमारा एजेंडा स्पष्ट है और इसे लेकर आगे बढ़ा जाएगा। खासकर महिलाओं और युवाओं का मुद्दा।

उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के अलावा बीजेपी, सपा और बसपा का सीएम फेस तय है। बीजेपी की ओर योगी आदित्यनाथ, समाजवादी पार्टी की ओर से अखिलेश यादव और मायावती बसपा की सीएम फेस हैं। कांग्रेस का सीएम चेहरा कौन होगा? इस पर कयास लगाये जा रहे हैं। प्रमोद तिवारी, पीएल पुनिया और कभी प्रदेश अध्यक्ष अजय लल्लू का नाम मुख्यमंत्री चेहरे के तौर पर लिया जा रहा था। अब प्रियंका ने संकेत दे दिये हैं कि वह सीएम कैंडिडेट हो सकती हैं।

रायबरेली से चुनाव लड़ सकती हैं प्रियंका गांधी
प्रियंका गांधी रायबरेली सदर विधानसभा सीट चुनाव लड़ सकती हैं। चुनाव से पहले सुगबुगाहट तेज हो गई है कि कांग्रेस की गढ़ रही सदर सीट पर कांग्रेस प्रियंका गांधी को चुनावी मैदान में उतार सकती है। रायबरेली सदर सीट पर लंबे समय से कांग्रेस का कब्जा रहा है। रायबरेली कांग्रेस प्रमुख सोनिया गांधी का संसदीय क्षेत्र है। हर लिहाज से यह सीट प्रियंका गांधी के लिए मुफीद है। 2017 के विधानसभा चुनाव में यहां से कांग्रेस के टिकट पर अदिति सिंह चुनाव जीती थीं, जिन्हें इस बार भाजपा ने प्रत्याशी घोषित किया है।

यूपी चुनाव के लिए कांग्रेस ने युवा घोषणा पत्र भर्ती विधान
यूपी चुनाव के लिए कांग्रेस ने युवाओं को ध्यान में रखकर एक अलग घोषणापत्र ‘भर्ती विधान’ जारी किया है। कांग्रेस का यह घोषणा पत्र पूरी तरह से युवाओं और महिलाओं पर केंद्रित है। इसमें टिकट बंटवारे में महिलाओं को 40 फीसदी आरक्षण देने के अलावा कांग्रेस ने 20 लाख सरकारी भर्तियों का वादा किया है। साथ ही रोजगार, परीक्षा शुल्क व भर्तियों में पारदर्शिता जैसे मुद्दों पर अपना नजरिया पेश किया है। नई दिल्ली में पार्टी का घोषणा पत्र जारी करते हुए पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के युवाओं से बात करके ये घोषणा पत्र बनाया गया है। हम एक नया उत्तर प्रदेश बनाना चाहते हैं। वहीं, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि इस घोषणा पत्र का नाम भर्ती विधान इसलिए दिया गया है क्योंकि इस वक्त उत्तर प्रदेश के युवाओं में भर्ती सबसे बड़ी समस्या है। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में नौजवानों का जो भरोसा टूटा है, उसे बहाल करने के लिए एक जॉब कैलेंडर बनाया जाएगा। इसमें भर्ती विज्ञापन, परीक्षा, नियुक्ति की तारीखें दर्ज होंगी और इसका उल्लंघन होने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

घोषणा पत्र जारी करते हुए प्रियंका ने कहा कि इस घोषणा पत्र में 20 लाख सरकारी भर्तियों का वादा किया गया है। इनमें 8 लाख सरकारी पद महिलाओं के लिए होंगे। प्राथमिक विद्यालयों में डेढ़ लाख, माध्यमिक में 38 हजार, उच्च शिक्षा में आठ हजार शिक्षकों के पद खाली हैं। इन्हें भरा जाएगा। डॉक्टरों के छह हजार, पुलिस विभाग के एक लाख रिक्त पदों को भरा जाएगा। 20 हजार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और 27 हजार आंगनबाड़ी सहायिकाओं की नियुक्ति होगी। संस्कृत विद्यालयों में दो हजार, फिजिकल एजुकेशन और उर्दू शिक्षकों की भी भर्ती होगी। भर्ती प्रक्रिया के फॉर्म भरने के लिए कोई फीस नहीं ली जाएगी। परीक्षा देने जाने के लिए बस और ट्रेन का किराया नहीं लगेगा। एक जॉब कैलेंडर बनेगा, जिसमें फॉर्म भरने से लेकर नियुक्ति तक की तारीख पहले से दी जाएगी।