
Punjab Election 2022: पंजाब विधानसभा चुनाव के लिये कांग्रेस (Congress) ने ऐलान किया कि चरणजीत सिंह चन्नी ही उसकी ओर से मुख्यमंत्री पद का चेहरा होंगे। दरअसल मुख्यमंत्री पद का फेस बनाए जाने की रेस में मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी (Charanjit Singh Channi) के साथ पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू (Navjot Singh Sidhu) भी थे। लेकिन कांग्रेस ने चरणजीत सिंह चन्नी को सीएम फेस बनाया। वहीं कांग्रेस के इस फैसले को अब सिद्धू ने स्वीकार कर लिया है।
‘पंजाब मॉडल पर मेरा कॉपीराइट नहीं’
पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिद्धू ने कहा कि उन्हें कभी पद की इच्छा नहीं रही। उन्होंने कहा कि मेरी इच्छा लोगों की सेवा करके पंजाब बदलने की थी, लेकिन इसकी जंग जारी रहेगी। सिद्धू ने कहा कि पंजाब मॉडल लागू करने की ताकत अब चरणजीत चन्नी के पास है। उन्होंने कहा कि सारी पॉवर मुख्यमंत्री के पास होती है। उन्होंने कहा कि पंजाब मॉडल अब सभी का साझा मॉडल है। उन्होंने कहा कि पंजाब मॉडल पर मेरा कॉपीराइट नहीं है। मैं इसे फेसबुक पर डाल दूंगा। प्रेस कान्फ्रेंस कर सब बता दूंगा। इसमें से अगर किसी को कुछ अच्छा लगे तो वह इसे ले सकता है।
‘मैं कांग्रेस हाईकमान के साथ’
वहीं चरणजीत सिंह चन्नी को पंजाब चुनाव में मुख्यमंत्री पद (Punjab CM) का चेहरा बनाए जाने पर सिद्धू ने कहा कि हाई कमान के फैसले पर लोग क्या सोचते हैं, इसका जवाब चुनाव में दे देंगे। सीएम चन्नी को सीएम पद का चेहरा बनाने पर उनके विधानसभा क्षेत्र में कोई असर नहीं पड़ेगा। वहीं जब उनसे पूछा गया कि वो चरणजीत चन्नी के साथ हैं या कांग्रेस हाईकमान के। इस पर सिद्धू ने कहा कि वह कांग्रेस हाईकमान के साथ हैं। उन्होंने जो तय किया, उसका पूरा सम्मान करेंगे। सिद्धू ने कहा कि अकाली दल पर पंजाब में कुछ नहीं कर पाएगा। उनका कहना है कि पंजाब में मुकाबला आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच है।