
मैनपुरी. UP Elections 2022- मैनपुरी की करहल विधानसभा सीट पर इस बार मुकाबला काफी कड़ा है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव के सामने केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल की तगड़ी चुनौती है। वह यहां से बीजेपी के प्रत्याशी हैं और लगातार चुनाव प्रचार में जुटे हैं। अखिलेश यादव भी कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। गुरुवार को करहल में बघेल के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तो अखिलेश यादव के लिए मुलायम सिंह यादव चुनाव प्रचार करने पहुंचे। लंबे समय बाद समाजवादी पार्टी के संस्थापक व पार्टी के राष्ट्रीय संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने किसी जनसभा को संबोधित किया। अखिलेश यादव को जिताने की अपील करते हुए मुलायम सिंह यादव ने कहा कि सपा सरकार बनने के बाद किसान, व्यापारी और नौजवान को मदद दी जाएगी और यही ट्रिपल लेयर फॉर्मूला ही देश को तरक्की के रास्ते पर ले जाएगा।
मुलायम सिंह यादव ने कहा कि सपा की नीति किसानों को प्राथमिकता देने की है। हमारा कहना है कि किसानों को खाद, बीज और सिंचाई का साधन उपलब्ध कराया जाये। पैदावार बढ़ेगी तो किसान की हालत सुधरेगी। हमारे नौजवान इतने पढ़े लिखे हैं, लेकिन आज बेरोजगार हैं। उनकी नौकरी का इंतजाम होना चाहिए। व्यापार नहीं है तो परिवार कैसे चलेगा? व्यापारियों को सुविधा दी जाए, ताकि वह किसानों की पैदावार खरीदें और उन्हें लाभ पहुंचाएं। कहाकि मैं विश्वास दिलाते हूं कि सपा की सरकार बनने पर किसान, व्यापारी और नौजवानों का पूरा ख्याल रखा जाएगा। भीड़ देखकर गदगद मुलायम सिंह ने कहा कि उम्मीद है कि परिवर्तन होने वाला है।
अब जीत पक्की: अखिलेश यादव
अखिलेश यादव ने कहा कि नेताजी ने आज करहल में आकर चार चांद लगा दिये हैं। नेताजी ने जिस धरती से पढ़ाई की, कुश्ती के दांव-पेंच सीखे और चरखा दांव से सबको पस्त किया, अब जीत सुनिश्चित हो चुकी है। लेकिन सावधान रहने की जरूरत है।
नेताजी का आशीर्वाद मेरे साथ है: एसपी बघेल
मैनपुरी को मुलायम सिंह यादव का गढ़ माना जाता है। लंबे समय से चुनाव में यहां से यहां समाजवादी पार्टी ही जीतती रही है। लेकिन इस बार बीजेपी ने सोची-समझी रणनीति के तहत केंद्रीय मंत्री को टिकट दिया है। बघेल स्थानीय तो हैं ही, वह मुलायम सिंह यादव को ही राजनीतिक गुरु भी मानते हैं। कहा कि जैसे द्रोणाचार्य, कृपाचार्य और भीष्म पितामह कौरवों के साथ थे, लेकिन उनका आशीर्वाद अर्जुन के साथ था, वैसे ही नेताजी का आशीर्वाद मेरे साथ है।