
मैनपुरी. केंद्रीय कानून और न्याय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल के काफिले पर उस वक्त हमला हो गया जब वह चुनाव प्रचार कर रहे थे। केंद्रीय मंत्री ने करहल थाना क्षेत्र में दो नामजद सहित 20-25 अज्ञात सपा कार्यकर्ताओं के विरुद्ध जानलेवा हमले, पथराव, फायरिंग का मुकदमा दर्ज कराया है। साथ ही चुनाव आयोग से शिकायत भी की है। हमले के बाद केंद्रीय मंत्री की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अब उन्हें जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा घेरे में रहेंगे। एसपी सिंह बघेल सपा प्रमुख अखिलेश यादव के खिलाफ मैनपुरी की करहल विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि मंगलवार की शाम को चुनाव प्रचार के लिए करहल जाते समय खेतों में छिपे बैठे लोग लोगों ने बाहर आकर हमला कर दिया। कहा कि वे ‘अखिलेश भैया जिंदाबाद’ के नारे लगा रहे थे। हमलावरों के पास लाठी-डंडे और लोहे की रॉड थी। वह लोग मारने पर आमादा थे। हमले की जानकारी होते ही भाजपाइयों ने समाजवादी पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने आरोप लगाया कि केंद्रीय मंत्री के काफिले पर समाजवादी पार्टी के गुंडों ने हमला किया। वहीं, अखिलेश यादव के चुनाव प्रभारी तेज प्रताप यादव ने हमले की घटना से इनकार करते हुए कहाकि कुछ आवारा पशु सामने आ गए थे। उनको हटाने के लिए मंत्री जी का गांव वालों से विवाद हुआ था। इसको विक्टिम कार्ड की तरह भाजपा उम्मीदवार खेलना चाह रहे हैं।