Thursday , June 1 2023

मायावती ने की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात, कहा- देश को उनसे बहुत हैं उम्मीदें

दिल्ली. बहुजन समाज पार्टी (Bahujan Samaj Party) सुप्रीमो मायावती (Mayawati) ने देश की राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू से सोमवार को राष्ट्रपति भवन में मुलाकात की। मायावती ने इसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की, जिसमें वो राष्ट्रपति को फूलों को गुलदस्ता देती दिख रही हैं। बता दें कि राष्ट्रपति के चुनाव में मायावती ने भी उन्हें वोट दिया था। आज व्यक्तिगत रुप से मिलकर उन्होंने बधाई दी।

मायावती ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर लिखा कि माननीया राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से राष्ट्रपति भवन में आज काफी अच्छी मुलाकात हुई। अनुसूचित जनजाति (एसटी) समाज से ताल्लुक रखने वाली देश की पहली महिला राष्ट्रपति बनने पर उनसे मिलकर उन्हें औपचारिक तौर पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी। वे समाज व देश का नाम रौशन करें, यही कामना है।

देश को उनसे बहुत सारी आशाएं-

बसपा सुप्रीमो ने आगे लिखा कि वैसे तो बीएसपी व अन्य पार्टियों ने भी दलगत राजनीति से ऊपर उठकर उन्हें अपना समर्थन दिया और वे भारी मतों से विजयी हुई, किन्तु अगर थोड़ा और सही व सार्थक प्रयास किया गया होता तो वे सर्वसम्मति से यह चुनाव जीत कर एक और नया इतिहास ज़रूर बनातीं। देश को उनसे बहुत सारी आशाएं हैं।

मायावती ने किया था मुर्मू को वोट-

बता दें कि बहुजन समाज पार्टी ने राष्ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में मतदान किया था। मायावती ने उस वक्त कहा था कि उनका ये फैसला स्वतंत्र रूप से लिया गया है। ये न सत्तापक्ष के समर्थन में हैं, न विपक्ष के खिलाफ। इसके बाद बसपा ने उपराष्ट्रपति चुनाव में भी विपक्ष के खिलाफ वोट दिया था।