Saturday , June 3 2023

कर्नाटक के संत शिवमूर्ति मुरुगा 14 दिन की न्यायिक हिरासत में, यौन शोषण का है आरोप

बेंगलुरु. कर्नाटक पुलिस ने यौन शोषण के आरोप में लिंगायत मठ के संत शिवमूर्ति मुरुगा को गिरफ्तार कर लिया है। गुरुवार देररात कोर्ट ने आरोपित संत को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में चित्रदुर्गा जिला भेज दिया है। कर्नाटक पुलिस अब ओपन कोर्ट में शिवमूर्ति की रिमांड की भी मांग की थी। आरोपित संत की गिरफ्तारी से पहले पुलिस ने उनके खिलाफ लुकआउट नोटिस भी जारी किया था। शिवमूर्ति मुरुगा पर नाबालिगों लड़कियों के यौन शोषण का आरोप है। कर्नाटक पुलिस अब शिवमूर्ति मुरुगा के अलावा तीन अन्य आरोपियों से पूछताछ की तैयारी में है। विरोध में कई सामाजिक संगठन प्रदर्शन कर रहे हैं। उधर, राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने भी मामले में कर्नाटक पुलिस से जांच रिपोर्ट मांगी है।

दो नाबालिगों की शिकायत के बाद मैसूर पुलिस ने संत के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। POCSO एक्ट के तहत भी केस दर्ज किया है। केस दर्ज होने के बाद मुरुगा मठ के छात्रों को स्थानीय सरकारी छात्रावास में स्थानांतरित कर दिया गया था। वहीं, मामला सामने आने के बाद कई माता-पिता अपने बच्चों को अपने घर ले गए।

साढ़े तीन साल तक हुआ यौन उत्पीड़न?
शिवमूर्ति पर जिन दो नाबालिग लड़कियों ने यौन शोषण का आरोप लगाया है, वे मठ द्वारा संचालित स्कूल में ही पढ़ती हैं। एक एनजीओ की मदद से इन छात्राओं ने जिला बाल कल्याण समिति में यौन शोषण की शिकायत की थी। शिवमूर्ति मुरुगा के अलावा मामले में चार वार्डन के खिलाफ भी केस दर्ज हुआ है। शिकायत में कहा गया है कि स्कूल के हॉस्टल में 15 और 16 साल की लड़कियों का लगभग साढ़े तीन साल तक यौन उत्पीड़न हुआ। कई दूसरी लड़कियों के यौन शोषण का भी आरोप है।

गिरफ्तार ने संत ने कही साजिश की बात
गिरफ्तार संत शिवमूर्ति ने यौन शोषण के आरोपों का सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि लगाये गये आरोप उनके खिलाफ लंबे समय से चली आ रही साजिश का हिस्सा है। कहाकि वह कानून का पालन करने वाले हैं और जांच में हर तरह का सहयोग करेंगे। साथ ही भरोसा जताया कि वह मामले में पाक-साफ होकर सामने आएंगे।