Thursday , June 1 2023

कानपुर हॉस्टल वीडियो केस – केयरटेकर और वार्डन गिरफ्तार, नेम प्लेट पर मिला एसपी का नाम

कानपुर. कानपुर के एक हॉस्टल में चंडीगढ़ की तरह छात्राओं का नहाते हुए वीडियो कांड उजागर होने के बाद हड़कंप मच गया है। मामले में पुलिस ने हॉस्टल के केयरटेकर मनोज पांडेय और वार्डन सीमा पाल को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले मुख्य आरोपी यानी स्वीपर रिषि की गिरफ्तारी की गई थी। मामले कानपुर के काकादेव कोचिंग मंडी के एक गर्ल्स हॉस्टल का है, जहां गुरुवार को एक छात्रा का वीडियो बनाते हुए स्वीपर को अन्य छात्राओं ने रंगे हाथो पकड़ लिया था और मारपीट कर पुलिस के हवाले कर दिया था।

नेम प्लेट पर एसपी की नाम जांच का विषय-

हॉस्टल के नेम प्लेट में पुलिस अधीक्षक कानपुर सुरेंद्र नाथ त्रिपाठी का नाम इस्तेमाल किया गया है। त्रिपाठी वर्तमान में बुलंदशहर के एसपी सिटी हैं। बातचीत में उनका कहना है कि वह कानपुर में तैनात तो रहे हैं, लेकिन कभी उस घर में नहीं गए। उनका नाम क्यों इस्तेमाल किया गया है, यह उन्हें नहीं पता। उनका उस गर्ल्स हॉस्टल से कई संबंध नहीं है। ऐसे में यदि नेम प्लेट में उनका इस्तेमाल किया गया है, तो यह नियम व कानून के विरुद्ध भी है।

छात्राओं ने पहले भी की थी शिकायत-

छात्राओं को पहले भी कर्मी पर शक था। वह किसी बहाने से कमरे में घुस आता था। अचानक साफ-सफाई करने लगता था। इसकी शिकायत उन्होंने वार्डन से की, तो उल्टा उनके चरित्र पर ही सवाल खड़े कर दिए जाते थे। वहीं हॉस्टल में लगे सीसीटीवी कैमरे भी नहीं चल रहे थे। साथ ही 70 छात्राओं के हॉस्टल में होते हुए भी कोई सुरक्षाकर्मी तैनात नहीं था।