
स्पोर्ट्स डेस्क. India vs New Zealand 1st T20- न्यूजीलैंड ने भारत को पहले टी-20 मुकाबले में 21 रनों से हरा दिया। भारत दौरे पर न्यूजीलैंड की यह पहली जीत है। इस जीत के साथ ही तीन मैचों की सीरीज में न्यूजीलैंड 1-0 से आगे हो गया है। न्यूजीलैंड ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट पर 176 रन बनाये, जवाब में भारतीय टीम निर्धारित ओवरों में 9 विकेट खोकर 155 रन ही बना सकी। जीत के हीरो रहे डेरिल मिचेल जिन्होंने 30 गेंदों पर 59 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। इसमें अर्शदीप का आखिरी ओवर भी शामिल है जिसमें किवी बैट्समैन ने 27 रन कूट डाले। भारत भले ही यह मैच हार गया, लेकिन वाशिंगटन सुंदर के हरफनमौला प्रदर्शन ने क्रिकेट फैंस का दिल जीत लिया।
पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के होम ग्राउंड रांची के मैदान पर वाशिंगटन सुंदर ने महफिल लूट ली। न्यूजीलैंड के बल्लेबाज जब चौकों-छक्कों में डील कर रहे थे, टीम इंडिया के इस ऑलराउंडर ने अपनी गेंदबाजी से किवियों के होश उड़ा दिये। सुंदर ने 4 ओवरों में 22 रन देकर 2 विकेट लिये। कमाल की फील्डिंग भी की। इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरे सुंदर ने तूफानी प्रदर्शन से भारतीय समर्थकों को खुश कर दिया। उन्होंने 28 गेंदों पर 50 रन (5 चौके, 3 छक्के) की ताबड़तोड़ पारी खेली।

भारत की हार के 3 प्रमुख कारण
1- अर्शदीप सिंह ने 20वें ओवर में 27 रन लुटा दिये। डेरिल मिचेल ने उनकी पहली 3 गेंदों पर ही 3 छक्के जड़ दिए। अगर ये रन नहीं बनते तो भारत को जीत के लिए कम टारगेट मिलता।
2- 177 रनों का पीछा करते हुए भारत का टॉप ऑर्डर बुरी तरह फ्लॉप रहा। शुभमन गिल 7 और ईशान किशन 4 रन बनाकर आउट हुए। राहुल त्रिपाठी भी जल्दबाजी में शून्य के स्कोर पर ही पवेलियन लौट गए।
3- पिच को नहीं पढ़ सके भारतीय कप्तान हार्दिक पांड्या। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। अगर पहले बैटिंग करते तो बड़ा स्कोर बना कर न्यूजीलैंड को दबाव में ला सकते थे। दूसरी पारी में स्पिनर्स को और ज्यादा मदद मिली और भारत टारगेट हासिल नहीं कर सका। मिचेल सेंटनर ने 4 ओवरों में महज 11 रन दिये और 2 विकेट भी लिये।
न्यूजीलैंड- 176/6
डेरिल मिचेल- 59 रन
ड्वेन कॉन्वे- 52 रन
भारत- 155/9
वाशिंगटन सुंदर- 50 रन
सूर्यकुमार यादव- 47 रन