
लखनऊ. Weather Alert: पूरे देश में इन दिनों ठंड का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है। देश के उत्तर-पश्चिमी पर्वतीय इलाकों से चल रही बर्फीली हवाओं की वजह से उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और उत्तरी राजस्थान के मैदानी इलाकों में तापमान काफी नीचे लुढ़क गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (India Meteorological Department- IMD) की मानें तो आने वाले दिनों में अभी ठंड और ज्यागा बढ़ेंगी।
देशभर में बढ़ी ठंड
देश के लगभग सभी इलाकों में लगातार बढ़ रही ठंड से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। देश के उत्तरी राज्यों में बर्फीली हवाएं 10-15 किलोमीटर की रफ्तार से बह रही हैं, इससे पूरे उत्तर भारत में अगले दो दिनों में शीतलहर चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने शीतलहर का अलर्ट भी जारी किया है। IMD वेदर फोरकास्ट रिपोर्ट के मुताबिक अगले दो दिनों में राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश व मध्य प्रदेश में शीतलहर चलने की संभावना है। यहां शीतलहर को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
छाएगा घना कोहरा
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, असम, मेघालय, मणिपुर, नगालैंड, दिल्ली, मिजोरम और त्रिपुरा में आने वाले दिनों में भारी कोहरा भी देखने को मिल सकता है। इसके अलावा बिहार और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में भी घना कोहरा हो सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में दिल्लीवासियों को और ज्यादा ठंड का सामना करना पड़ेगा। दिल्ली में अभी न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। दिल्ली में मौसम विभाग ने अगले 3 दिन के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। आने वाले दिनों में दिल्ली का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस जबकि अधिकतम तापमान 18-19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मनाली में भा हिमपात
मौसम वैज्ञानिकों ने देश के तमाम हिस्सों में आने वाले कुछ दिनों में रात में तापमान और गिरने की संभावना जताई है। कश्मीर घाटी में 23 दिसंबर से 25 दिसंबर तक हल्की से भारी बर्फबारी होने की संभावना है। वहीं हिमाचल प्रदेश के मनाली में हिमपात होने से पर्यटकों में खुशी की लहर देखी जा रही है। वहीं मौसम विभाग की मानें तो उत्तर प्रदेश में भी शीतलहर की शुरुआत हो गई है। अगले एक-दो दिन में इसके कारण ठंड और बढ़ सकती है। शुरुआत में पश्चिमी यूपी में इसका प्रभाव ज्यादा नजर आएगा। उत्तर प्रदेश के कई शहरों में कोहरा भी छा सकता है।