
मंडी. पहाड़ी राज्य उत्तराखंड व हिमाचल प्रदेश में भारी तबाही की तस्वीरें सामने आ रही हैं। बादल फटने से स्थानीय नदियां उफान पर हैं। कई इलाकों में भूसखलन, बाढ़ से आई तबाही से हाहाकार मच गया है। हिमाचल प्रदेश के मंडी और चंबा समेत कई जिले इसकी चपेट में हैं। चंबा जिले में एक दंपत्ति व उनके बेटे की मौत हो गई है, जबकि मंडी के सराज, गोहर और द्रंग में बादल फटने की घटनाओं से नौ की जान चली गई है। वहीं पूरे राज्य में अब 13 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, तो कई लोग लापता हैं। कांगड़ा जिले में मूसलाधार बारिश के कारण रेलवे चक्की पुल रात को बह गया। कई जगहों पर बाढ़ की स्थिति आने से कांगड़ा और कुल्लू में स्कूल बंद कर दिए गए हैं।
मंडी-बजौरा वाया कटौला मार्ग में कमांद के पास पहाड़ी से भारी भूस्खलन हुआ है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने रात को ही मार्ग में यातायात आवाजाही पर रोक लगा दी थी। डीएसपी पधर लोकेंद्र नेगी ने कहा कि NDRF की टीम भेजी जा रही है। बंद मार्ग को खोलने के बाद घटनास्थल पर रेस्क्यू हो पाना संभव है।
ये भी पढ़ें- उत्तराखंड- देहरादून में फटा बादल, मंंदिर डूबे, टूटे पुल, लोग लापता, बचाव कार्य में लगी NDRF-SDRF
शिमला में भूस्खलन-
राजधानी शिमला में आरटीओ ऑफिस के पास भी भू स्खलन हुआ है, जिससे सड़क का अधिकतर हिस्सा धंस गया है। इस कारण यातायात व्यवस्था काफी प्रभावित हुई है। फिलहाल यातायात एक तरफा चलाया जा रहा है। यातायात को सुचारु रूप से चलाने के लिए शिमला यातायात पुलिस ने सहयोग की अपील की है।