Thursday , June 1 2023

धान रोपाई के बीच अचानक चटकने लगीं लाठियां, कईयों की खुल गई खोपड़ी, वीडियो वायरल

बाराबंकी. UP Crime News: जनपद बाराबंकी में मामूली सा जमीनी विवाद इतना बढ़ा कि दो पक्षों में जमकर लठ्ठबाजी शुरू हो गई। इस लठ्ठबाजी में दोनों पक्षों की महिलाओं समेत दर्जनभर लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। वहीं लठ्ठबाजी का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

मारपीट का वीडियो वायरल
पूरा मामला दरियाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम चमरौली का है। जहां एक विवादित भूमि पर धान रोपाई को लेकर गांव में दो पक्षों में जमकर लाठियां चटकीं। दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। मारपीट में पुरुषों के साथ महिलाएं भी शामिल रहीं और गाली गलौज के साथ जमकर पत्थरबाजी भी की। जानकारी के मुताबिक चमरौली गांव में फुलेराज और बाबूलाल नाम के लोगों के बीच जमीन का विवाद चल रहा है। जानकारी के अनुसार खतौनी फूलेराज के नाम से है। जमीन का मुकदमा तहसील रामसनेही घाट में चल रहा है। आरोप है कि विवादित भूमि पर फुलेराज पक्ष धान की रोपाई कर रहा था। तभी दूसरे पक्ष के बाबूलाल ने इसका विरोध शुरू किया। इसी बात पर दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। वहीं मारपीट का वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

पुलिस ने दर्ज किया केस
वहीं फुलेराज पक्ष का आरोप है कि खेत में धान रोपाई के दौरान करीब 15 लोगों ने उन सभी पर लाठी-डंडे से हमला बोल दिया और बेरहमी से पिटाई की गई। जानकारी के मुताबिक मारपीट में दोनों पक्ष के दर्जनभर लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने इस मामले में 15 लोगों के खिलाफ मारपीट की गंभीर धाराओं में मुकदमा लिखा है और दोनों पक्षों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।