
नई दिल्ली. कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए दिल्ली में मास्क अनिवार्य कर दिया गया है। देश की राजधानी में अब मास्क नहीं पहनने पर 500 रुपए का जुर्माना भरना होगा। शुक्रवार को दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि अब सार्वजनिक स्थानों पर मास्क नहीं पहनने वालों को 500 रुपए जुर्माना देना होगा। हालांकि, कार में सफर करने वालों को इस प्रतिबंध से राहत दी गई है। सरकार की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि जो व्यक्ति अकेले अपनी प्राइवेट कार से सफर कर रहा है तो उस पर किसी भी तरह का जुर्माना नहीं लगाया जाएगा।
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने भी मेट्रो में सफर करने वाले यात्रियों के लिए भी निर्देश जारी किये हैं। डीएमआरसी ने पैसेंजर्स को यात्रा के दौरान सख्ती से कोविड प्रोटोकॉल फॉलो करने के निर्देश दिये हैं। कहा है कि यात्रा के दौरान फेस मास्क व कवर को जरूर पहनें।
केंद्र सरकार ने जारी किया अलर्ट
देश में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच केंद्र सरकार दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र और मिजोरम के लिए अलर्ट जारी किया है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने इन राज्यों में कोरोना वायरस संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए कड़ी निगरानी रखने की सलाह दी है। साथ ही भीड़भाड़ वाले स्थान में मास्क पहनने पर विशेष जोर देने की बात कही है।