
बाराबंकी. Congress on Bihar: बिहार में BJP और JDU का गठबंधन टूटने के बाद नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने आठवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। शपथ से पहले नीतीश कुमार ने कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) और राहुल गांधी (Rahul Gandhi) से फोन पर बात की। जिसमें कांग्रेस ने वादा किया था कि पार्टी जदयू के भाजपा से अलग होने पर नीतीश कुमार का पूरा समर्थन और स्वागत करेगी। जो अब कांग्रेस ने पूरा भी कर दिया और नीतीश का साथ देकर उन्हें एक बार फिर बिहार का सीएम बनवा दिया। वहीं बिहार की नई सरकार को लेकर कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता और छत्तीसगढ़ प्रभारी पीएल पुनिया ने कहा कि अगर सांप्रदायिक ताकतों और भारतीय जनता पार्टी (Bhartiya Janta Party) के गठबंधन के खिलाफ राजनीतिक दल अगर इकठ्ठा होते हैं, सेक्युलर ताकतें एक होती हैं। तो उसका स्वागत है और कांग्रेस पार्टी उनका खुलकर साथ देगी। उन्होंने कहा कि बिहार में नीतीश सरकार में शामिल होने से 2024 में कांग्रेस पार्टी उभर कर सामने आएगी। साथ ही न सिर्फ बिहार बल्कि पूरे देश में कांग्रेस मजबूत होगी।
भाजपा पर निशाना
वहीं भाजपा (BJP) के हर घर तिरंगा अभियान को लेकर भी पीएल पुनिया ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि तिरंगे को लेकर भाजपा के विचार जगजाहिर हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोगों ने कहा था कि तिरंगा झंडा देश के लिए अशुभ है और यह झंडा नहीं होना चाहिए। पीएल पुनिया ने कहा कि यह लोग कभी नहीं चाहते थे कि देश आजाद हो क्योंकि जब महात्मा गांधी ने कांग्रेस के झंडे के तले भारत छोड़ो आंदोलन शुरू किया था तब यह लोग अंग्रेजों का साथ दे रहे थे। वही लोग आज देश भक्ति का ढिंढोरा पीट रहे हैं।
कांग्रेस हर घर पहुंचाएगी तिरंगा
पुनिया ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने राजस्थान के उदयपुर में नव संकल्प शिविर का आयोजन किया था। जिसमें तय किया गया था कि देश भर में आजादी की गौरव यात्रा निकाली जाएगी। 9 अगस्त से 14 अगस्त तक देश के हर लोकसभा क्षेत्र में 75 किलोमीटर लंबी पदयात्रा छह दिन के दौरान की जाएंगी। इसके बाद 15 अगस्त के दिन इसका एक भव्य आयोजन राज्य स्तर पर किया जाएगा। पीएल पुनिया ने कहा कि कांग्रेस की कोशिश है कि देश के कोने कोने तक हर घर में तिरंगा पहुंच जाए।
देश के विकास की यात्रा
वीओ- पुनिया ने कहा कि 15 अगस्त 2022 को आजादी के 75 साल पूरे होने जा रहे हैं। हमारे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को याद करने का यह ऐतिहासिक क्षण है। इसके साथ-साथ देश की जो विकास यात्रा रही है उस पर एक नजर डालने की भी जरूरत है कि किस तरह से हरित क्रांति लाकर और पंचवर्षीय योजनाओं को लागू किया गया। जबकि दूसरी तरफ लाखों करोड़ों की लागत से ऐम्स, आईआईटी और आईआईएम जैसे बड़े संस्थानों को स्थापित किया गया। इसके अलावा देश में तमाम सार्वजनिक उद्यम भी स्थापित किए गए।
मोदी सरकार पर लगाया आरोप
पीएल पुनिया ने कहा कि देश की 75 सालों की विकास यात्रा को अगर देखा जाए तो इंदिरा गांधी ने सभी बैंकों का राष्ट्रीयकरण किया और देश को आगे बढ़ाने का काम किया। इसके अलावा राजीव गांधी ने आईटी सेक्टर की सौगात पूरे देश को दी। इसके बाद सोनिया गांधी के नेतृत्व में यूपीए-1 और यूपीए-2 सरकार के दौरान सूचना का अधिकार, रोजगार का अधिकार, भोजन का अधिकार और शिक्षा का अधिकार जैसे क्रांतिकारी कदम उठाए गए। लेकिन बीते 8 साल के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में पूरे देश की स्थितियां पूरी तरह से पलट गई हैं। लाखों करोड़ों रुपए से जो सार्वजनिक उद्यम बनाए गए थे। उनको नरेंद्र मोदी सरकार अपनी मित्र मंडली को औने पौने दाम पर बेच रही है।