
लखनऊ. UP Elections 2022- कांग्रेस के ‘भर्ती विधान, युवा घोषणा’ पत्र को लेकर कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने फेसबुक लाइव के माध्यम से संवाद किया। कहा कि युवाओं से बात के बाद हमने भर्ती विधान निकाला है। इसके पीछे सोच क्या थी? यूपी में जहां भी जाती हूं, युवाओं के यही मुद्दे हैं कि हम युवाओं के लिए आप क्या करेंगी? प्रियंका गांधी ने कहा कि युवाओं को रोजगार देना सरकार का कर्तव्य है। वर्तमान में देश में युवाओं को बहकाने की राजनीति हो रही है। कहा कि युवाओं को बेरोजगार रखने से कुछ राजनीतिक दलों का फायदा हो रहा है, इसलिए वह उन पर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
प्रियंका गांधी ने कहा भर्तियों में युवा अपना समय खर्च करते हैं, मां बाप पैसे खर्च करते हैं, छात्र मेहनत करते हैं, लेकिन नियुक्तियां नहीं हो रही हैं। कभी घोटाला हो जाता है, कभी पेपर लीक हो जाता है, पासिंग ग्रेड बदल दिया जाता है। इस तरह छात्र प्रताड़ित हो रहे हैं। सबसे ज्यादा नौजवान यूपी में हैं, हर जगह नौजवान मुझसे पूछते हैं कि दीदी रोजगार के लिए क्या करेंगे, हमारा विकास नहीं हो रहा है, हमारे लिए सरकार क्या करेगी? इसलिए हमने नौजवानों के लिए एक अलग विधान बनाया। अपने भर्ती विधान में हमने बताया कि हम 20 लाख नौकरियां देंगे कैसे। अगर एक नौजवान अपना बिजनेस शुरू करना चाहता है, तो उसकी सहायता कैसे करेंगे। नौकरियों की जो हालत है, उसे लेकर उत्तर प्रदेश में युवाओं का मानसिक स्वास्थ्य कैसे सही रहे, इसके लिए भी हमने प्रावधान किए हैं। प्रयागराज में मैं निषादों से मिली, तो पता चला कि नदी पर जो अधिकार होता था निषादों का, या उनको रोजगार मिलता था, अब उसपर उनका हक़ नहीं है।

भाजपा सरकार युवाओं को भटकाने का काम कर रही: मुख्यमंत्री भूपेश बघेल
आगरा. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आगरा में आयोजित युवा संसद में शामिल युवाओं से संवाद करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में युवा बेरोजगार है, लगातार उत्तर प्रदेश में बेरोजगारी बढ़ती जा रही है। भाजपा सरकार युवाओं को भटकाने का काम कर रही है। सार्वजनिक सुविधाओं का प्राइवेटाइजेशन कर सरकारी नौकरियों को साजिशन खत्म किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश में रेल बिक रही है, हवाई अड्डे बिक रहे हैं, बड़ी सरकारी कंपनियों को बेचा जा रहा है। उन्होंने कहा उत्तर प्रदेश में 12 लाख शासकीय पद रिक्त हैं, लेकिन भर्ती नहीं की जा रही है। अभ्यर्थी तैयारी करते हैं, परीक्षा देते हैं और आखिर में पता चलता है पेपर लीक हो गया। कभी पेपर लीक होता है, कभी निरस्त होता है। आज युवा परेशान है, लेकिन भाजपा सरकार को सिर्फ वोट से मतलब है। परीक्षाएं होंगी, नियुक्तियां होंगी, तो निजीकरण को लेकर भाजपा सरकार की योजना विफल हो जाएगी। यह समस्या गंभीर है, क्योंकि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है।