
लखनऊ. UP Elections 2022- कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने आज हमीरपुर के मौदहा और जालौन के कालपी में कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार-प्रसार किया। हमीरपुर के मौदहा में डोर-टू-डोर जनसंपर्क अभियान के करने पहुंची प्रियंका गांधी ने कांग्रेस प्रत्याशी राजकुमारी चंदेल के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी राजकुमारी चन्देल के पुत्र अभयराज चन्देल के साथ कार की छत पर सवार होकर लोगों का अभिवादन करते हुए रोड शो की शुरुआत की। जालौन के कालपी में उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार उमाकांति सिंह के पक्ष में चुनाव प्रचार किया। इस मौके पर कांग्रेस समर्थकों ने भारी उत्साह दिखाते हुए और पुष्पवर्षा कर उनका जोरदार स्वागत किया। कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाने के साथ उन्होंने कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील की।