Thursday , June 1 2023

अपनादल और भाजपा के गठबंधन को जनता ने किया पसंद, पिछड़ों के कल्याण के लिए बने अलग मंत्रालय- अनुप्रिया पटेल

बाराबंकी. Central minister Anupriya Patel: अपना दल एस की राष्ट्रीय अध्यक्ष व वाणिज्य और उद्योग राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल बाराबंकी पहुंची। इस दौरान उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन की बंपर जीत का दावा ठोंका। वहीं उन्होंने पिछड़ों के कल्याण के लिए अलग से मंत्रालय के गठन की सरकार से मांग भी की। अनुप्रिया पटेल ने कहा कि उनकी अपना दल पार्टी ने पिछले चार चुनावों 2014, 2017, 2019 और 2022 साथ मिलकर लड़े हैं। हमारा एनडीए गठबंधन का प्रयोग चारों चुनावों में उत्तर प्रदेश की जनता को काफी पसंद आया है। चारों चुनाव के परिणाम इस बात पर मुहर भी लगाते हैं। इसलिए उत्तर प्रदेश के अंदर अपना दल और भाजपा का गठबंधन मजबूती से आगामी लोकसभा चुनाव के मैदान में भी उतरेगा। इस दौरान अनुप्रिया पटेल ने अपना दल के सदस्यता अभियान में भी शिरकत की और पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं का धन्यवाद करते हुए कहा कि आप सभी अपनादल को मजबूत बनाएं।

पिछड़ों के लिये अलग मंत्रालय की मांग
वहीं अनुप्रिया पटेल ने कहा कि देश में पिछड़ों की बड़ी आबादी है। इसलिए पिछड़ों के कल्याण के लिए सरकार को अलग से मंत्रालय का गठन करना चाहिए। इससे पिछड़ों को सामाजिक न्याय मिल सकेगा। उन्हौंने कहा कि पार्टी इस बात की पक्षधर है कि न्यायपालिका लोकतंत्र का एक मजबूत स्तंभ है। इसलिए निचली अदालतों से लेकर सर्वोच्च अदालत तक न्यायाधीश के पदों में सामाजिक विविधता होनी चाहिए। इसके लिए आल इंडिया ज्यूडिशियल सर्विसेज का गठन होना जरूरी है। इससे समाज के हर वर्ग से प्रतिभावान लोगों को न्यायाधीश बनने का मौका मिलेगा।

नहीं थी हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट
वहीं कार्यक्रम में पहुंची अनुप्रिया पटेल के काफिले में शामिल सचिवालय का पास लगी गाड़ी की नंबर प्लेट टूटी हुई थी। वहीं कई गाड़ियों में हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट भी नहीं थी। जब इस बारे में गाड़ी चालक से पूछा गया तो उसने बताया कि अभी कुछ देर पहले ही यह नंबर प्लेट टूटी है। वहीं जब इस बारे में अनुप्रिया पटेल से पूछा गया तो उन्होंने इस बारे में कोई जवाब नही दिया।