लखनऊ. UP Elections 2022- बीजेपी ने यूपी जीतने के लिए चुनाव मैदान में दिग्गजों की फौज उतार दी है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी उनका डटकर मुकाबला कर रही हैं। बसपाई भी चुपचाप रणनीति को अंजाम दे रहे हैं। उत्तर प्रदेश की राजनीति के लिए रविवार का दिन बेहद अहम रहा। एक ओर जहां 16 जिलों की 59 विधानसभा सीटों के लिए मतदान हो रहा था, दूसरी तरफ दिग्गजों के बयान सियासी तपिश बढ़ाते रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्नाव और हरदोई में जनसभा को संबोधित किया। बसपा के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा ने उन्नाव में पार्टी प्रत्याशियों के लिए वोट मांगे। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बलरामपुर और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखीमपुर में कई जनसभाएं की। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पूर्वांचल में भाजपा प्रत्याशियों के लिए वोट मांगे। अपनी पत्नी डिंपल यादव के साथ वोट डालने के बाद अखिलेश यादव ने भी अयोध्या और बाराबंकी में ताबड़तोड़ जनसभाएं कीं। वहीं, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने रायबरेली में कई नुक्कड़ सभाएं की। इस दौरान सबने विरोधी दलों पर खूब तीखे शब्दबाण चलाये।