
लखनऊ. UP Elections 2022: यूपी विधानसभा चुनाव में प्रचार के लिए भारतीय जनता पार्टी की महिला बिग्रेड रविवार को मैदान में उतर गई। भारतीय जनता पार्टी में दूसरे दलों से आई महिला नेताओं ने चुनावी बागडोर थाम ली है। समाजवादी पार्टी की बागी नेता व मुलायम सिंह यादव की बहू अपर्णा यादव, रायबरेली सदर से कांग्रेस विधायक रहीं अदिति सिंह और कांग्रेस की पोस्टर गर्ल प्रियंका मौर्य ने लोगों से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की। रविवार को महिला मोर्चा की ओर से इन सभी के लिए स्वागत कार्यक्रम आयोजन किया गया था।
राष्ट्र को बचाना है तो बीजेपी को फिर से लाना होगा : अपर्णा यादव
भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने के बाद मुलायम सिंह यादव की बहू अपर्णा यादव पहली बार लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि मैंने राष्ट्रवाद के भाजपा का चुनाव किया है। अगर हमें राष्ट्र को बचाना है तो भाजपा को यूपी में फिर से लाना होगा। क्योंकि भाजपा देश को बचाने वाली पार्टी है। नये भारत के निर्माण के लिए मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ आगे बढ़ना चाहती हूं। उन्होंने कहा, बीजेपी सरकार में मां-बहन, बहू-बेटियां सभी सुरक्षित महसूस करते हैं। मैं लोगों से अपील करना चाहती हूं यूपी में एक बार फिर से बीजेपी सरकार बनाइये।
रायबरेली से प्रियंका गांधी को चुनाव लड़ने की चुनौती
रायबरेली. कभी गांधी परिवार की करीबियों में शुमार रहीं रायबरेली सदर से पूर्व विधायक अदिति सिंह ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को चुनाव लड़ने की चुनौती दी है। कहा कि प्रियंका गांधी यहां से चुनाव लड़ें तो उन्हें स्पष्ट हो जाएगा कि रायबरेली अब कांग्रेस का गढ़ नहीं बचा है। इस दौरान उन्होंने ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’ नारे को भी कोरा बताया। अदिति सिंह ने हाल ही में कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दिया है और अब भारतीय जनता पार्टी ने रायबरेली सदर से उन्हें प्रत्याशी बनाया है। अदिति सिंह ने दावा किया कि इस बार रायबरेली में इतिहास बनेगा और पहली बार सदर सीट पर कमल खिलेगा।