Thursday , June 1 2023

UP Elections 2022: केंद्रीय मंत्री का आरोप- करहल में बूथ कैप्चरिंग करवा रहे हैं सपा के लोग, कानपुर में सपाइयों ने भाजपा पर फर्जी वोटिंग के लगाये आरोप

यूपी विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण में सपा प्रमुख अखिलेश यादव और उनकी पत्नी डिंपल यादव ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

लखनऊ. UP Elections 2022- उत्तर प्रदेश के 16 जिलों की 59 विधानसभा सीटों पर तीसरे चरण की मतदान जारी है। चुनाव आयोग के मुताबिक, एक बजे तक 35.88 फीसदी मतदान हुआ है। इस चरण में मैनपुरी की करहल सबसे हॉट विधानसभा सीट है। इस सीट पर सपा के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव व केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल के बीच कांटे की टक्कर है। इस बीच एसपी सिंह बघेल ने खुद की जीत का दावा किया, साथ ही समाजवादी पार्टी पर बूथ कैप्चरिंग का आरोप लगाते हुए कहा कि सपा के लोग लगभग एक दर्जन बूथों पर बूथ कैप्चरिंग कर रहे हैं। ये लोग मारपीट कर के अपने पक्ष में मतदान करवा रहे हैं। वहीं, समाजवादी पार्टी ने आरोप लगाये कि भाजपा के लोग कानपुर की बिठूर विधानसभा 210 के बूथ संख्या 306 पर फर्जी मतदान करा रहे हैं और समाजवादी पार्टी से जुड़े लोगों को परेशान किया जा रहा है, मामले का संज्ञान लेकर तत्काल प्रभाव से फर्जी वोटिंग बंद कराए चुनाव आयोग।

आज 20 फरवरी को उत्तर प्रदेश के 16 जिलों की 59 विधानसभा सीटों पर मतदान हो रहा है। इनमें हाथरस, फिरोजाबाद, एटा, कासगंज, मैनपुरी, फर्रुखाबाद, कन्नौज, इटावा, औरैया, कानपुर देहात, कानपुर नगर, जालौन, झांसी, ललितपुर, हमीरपुर और महोबा जिलों की विधानसभा सीटें शामिल हैं। इस चरण में 2.16 करोड़ मतदाता 627 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे।