Thursday , June 1 2023

Australia T20 World Champion : पहली बार टी-20 विश्व कप जीता ऑस्ट्रेलिया, इसलिए हारा न्यूजीलैंड और चैंपियन बने कंगारू

australia new t20 world champion know nz vs aus match details
पहली बार T20 विश्व कप जीतने के बाद ऑस्ट्रियाई टीम। न्यूजीलैंड के 172 रनों को कंगारुओं ने दो विेकेट खोकर 19वें ओवर में ही हासिल कर लिया।

स्पोर्ट्स डेस्क. Australia T20 World Champion- ऑस्ट्रेलिया आईसीसी मेंस T20 World Cup 2021 का चैम्पियन बन गया है। 14 नवम्बर को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच फाइनल मुकाबला खेला गया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 20 ओवरों में 4 विकेट खोकर 172 रन बनाये। न्यूजीलैंड की ओर से केन विलियम्सन ने शानदार अर्धशतक (85 रन, 48 गेंद) जड़ा। जवाब में डेविड वार्नर (53 रन, 38 गेंद) और मिचेल मार्श (नाबाद 77 रन, 50 गेंद) की विस्फोटक पारियों की बदौलत कंगारुओं ने आसानी से 19वें ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों के अलावा टॉस ने भी जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके अलावा दोनों टीम के खिलाड़ियों सोच ने मैच में बड़ा अंतर पैदा किया। विश्व कप विजेता ऑस्ट्रेलिया को 12 करोड़ रुपए और उपविजेता न्यूजीलैंड को 06 करोड़ रुपए की राशि मिली।

क्यों जीती ऑस्ट्रेलिया?
ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी की बॉडी लैंग्वेज सकारात्मक थी। लगा कि वह जीतने के लिए ही आए हैं। इसके अलावा डेविड वार्नर, मिशेल मार्च और ग्लेन मैक्सवेल जिस तरह से बेखौफ होकर बल्लेबाजी की, न्यूजीलैंड के गेंदबाज फुल टाइम दबाव में दिखे। ऑस्ट्रेलिया के मात्र दो खिलाड़ी ही आउट हुए, जिन्हें ट्रेंट वोल्ट ने पवेलियन की राह दिखाई। न्यूजीलैंड के स्पिनर फाइनल मैच के दवाब में बिखरते नजर आये। केन विलिएम्सन के प्रमुख अस्त्र ईश सोढ़ी ने 3 ओवरों में ही 40 रन लुटा दिये। टॉस जीतना भी ऑस्ट्रेलिया के लिए फायदेमंद रहा।

क्यों हारा न्यूजीलैंड?
न्यूजीलैंड की टीम पर फाइनल का दवाब साफ दिख रहा था। कप्तान केन विलियम्सन को छोड़कर कोई भी किवी बल्लेबाज अपनी क्षमता के मुताबिक खेल नहीं सका। सलामी बल्लेबाज मार्टिन गुप्टिल ने जरूर 28 रन बनाये, लेकिन इसके लिए उन्होंने 35 गेंद खेल डाली। फिलिप्स ने भी 17 गेंदों पर महज 18 रन बनाये। नतीजन, न्यूजीलैंड की टीम 172 रन ही बना सकी। ऑस्ट्रेलिया की ओर से जोश हेजुलवुड ने तीन और एडम जाम्पा ने एक विकेट लिया।

मिशेल मार्श : मैन ऑफ दि मैच
ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज मिशेल मार्श ने शानदार बल्लेबाजी की। वह पहली ही गेंद से आक्रामक दिखे। स्वाभाविक खेल खेला। 6 चौकों और 4 छक्कों की मदद से नाबाद 77 बना डाले। मैच के बाद मिशेल मार्श ने कहा कि मैं चाहता था कि इस मैच में अपनी मौजूदगी दर्ज कराऊं और ऐसा ही हुआ। मैंने अपना स्वाभाविक खेल दिखाया और अब मेरे पास अपनी खुशी इजहार करने के लिए शब्द नहीं है। यह छह सप्ताह यादगार रहे।

डेविड वार्नर : मैन ऑफ दि सीरीज
डेविड वार्नर ने शुरुआत से आक्रामक शैली में बल्लेबाजी की। खुलकर खेला। चार चौकों और तीन छक्कों की मदद से उन्होंने 53 रन बनाये। डेविड वार्नर ने कहा कि मुझे हमेशा पर खुद से ही भरोसा था और मैंने बेसिक्स मजबूर रखने के साथ कड़ी विकेटों पर बल्लेबाजी का खूब अभ्यास किया था। मौजूदा टीम शानदार है।

पहली बार विश्व कप जीतने पर गर्व है : आरोन फिंच
ऑस्ट्रेलियाई कप्तान आरोन फिंच ने कहा कि पहली बार विश्व कप जीतने पर गर्व है। लोगों ने हमारा बोरिया बिस्तर बांध दिया था, लेकिन हमने हार नहीं मानी और शानदार वापसी की। इस दौरान उन्होंने एडम जाम्पा और मिशेल मार्श की खूब तारीफ की।

टीम के प्रदर्शन पर गर्व है : केन विलिएम्सन
न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलिएम्सन ने कहा कि हमें लगा कि 172 का स्कोर अच्छा है, लेकिन ऑस्ट्रेलिया ने बखूबी लक्ष्य का पीछा किया। हम ज्यादा पीछे नहीं थे, लेकिन ऑस्ट्रेलिया ने हमें कोई मौका नहीं दिया। बावजूद टीम के प्रदर्शन पर गर्व है। पूरे टूर्नामेंट में टीम का प्रदर्शन यादगार रहा।