Thursday , June 1 2023

UP Elections 2022: संयुक्त प्रेसवार्ता में अखिलेश-जयंत ने भाजपा का घेरा, कहा- इस बार वोट की चोट करेगा युवा, नौजवानों की गर्मी कैसे निकालेंगे सीएम

आगरा. UP Elections 2022- ताजनगरी आगरा में सपा प्रमुख अखिलेश यादव और जयंत चौधरी ने संयुक्त प्रेसवार्ता की। दोनों ही नेताओं ने लोगो से गठबंधन के प्रत्याशियों के जिताने की अपील की। कहा कि इस बार प्रदेश का युवा बदलाव के लिए वोट की चोट करेगा। अखिलेश यादव ने कहा कि यह चुनाव लोकतंत्र और संविधान बचाने का चुनाव है। हमारा गठबंधन बहुरंगी है। ये एकरंगी लोग संविधान को भी खत्म करना चाहते हैं। सरकार पूंजीपतियों के साथ खड़ी है। इस बार के चुनाव परिणाम नफरत की राजनीति करने वालों के लिए सबक होंगे। जयंत चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार के दावे खोखले हैं। लाठी, बुल्डोजर चलाने से विकास नहीं हो सकता। सीएम योगी पर निशाना साधते हुए जयंत ने कहा कि आप हमारी गर्मी निकालने की बात कर रहे हैं। आलू की फिक रहा है। नौजवानों को नौकरी नहीं मिल रही, उनकी गर्मी कैसे निकालोगे। प्रदेश का युवा पांच साल हुए अन्याय का बदला मतदान से लेगा।

अखिलेश यादव ने कहा कि बाबा मुख्यमंत्री की भाषा पहली बार ऐसी नहीं हुई। जो मुख्यमंत्री सदन में कह दे कि ठोंक दो। सदन में असंसदीय शब्दों का इस्तेमाल किया और अब कह रहे हैं कि गर्मी निकाल देंगे। क्या मुख्यमंत्री कंप्रेसर हैं, जो गर्मी निकाल देंगे। वो जनता से कह रहे हैं कि गर्मी निकाल दो, हम वापस उत्तराखंड जाना चाहते हैं। गोरखपुर की जनता यह सिखा देगी।