Thursday , June 1 2023

अखिलेश यादव ने गंगा में ‘नेताजी’ की अस्थियां की वसर्जित, पूरा परिवार रहा मौजूद, देखें वीडियो

हरिद्वार. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को हरिद्वार के ‘नमामि गंगे घाट पर’ अपने पिता व संस्थापक मुलायम सिंह यादव (Mulayam Singh Yadav) की अस्थियों को विसर्जित किया। अखिलेश यादव के साथ इस दौरान उनकी पत्नी डिंपल, चाचा शिवपाल व राम गोपाल भी मौजूद रहे। साथ ही मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे प्रतीक भी मौजूद रहे। अखिलेश यादव ने कुछ क्रिया कलापों में प्रतीक को भी शामिल किया। वहीं अस्थि विसर्जन के दौरान भारी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

सुरक्षा के थे कड़े इंतेजाम-

इससे पहले अखिलेश इटावा के गांव सैफई से निजी विमान से देहरादून के जॉली ग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे थे। उसके बाद वे हरिद्वार के नमामि गंगे घाट पहुंचे। घाट पर सारी तैयारियां पहले से ही थीं। सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतेजाम किए गए थे। बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ गंगा में गोताखोर भी तैनात थे। अस्थियां विसर्जित करने के बाद अखिलेश यादव ने साधु-संतों से भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया।

21 अक्टूबर को होगा शांति पाठ-

अब 21 अक्टूबर को स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के लिए शांति पाठ किया जाएगा। सैफई में ही इसका पूरा कार्यक्रम होगा। इस दिन ब्राह्मण भोज भी होगा। गौरतलब है कि 10 अक्टूबर को सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव का गुड़गांव के मेदांता अस्प्ताल में निधन हो गया था। अगले दिन उनके पैतृक गांव सैफई में पूरे राजकीय सम्मान के साथ मुलायम सिंह का अंतिम संस्कार हुआ था। 11 अक्टूबर को परिवार ने अस्थि संचय किया और फिर शुद्धि संस्कार की क्रियाएं की। ‘नेताजी’ मुलायम सिंह यादव 82 वर्ष के थे।