
आगरा. UP Elections 2022- रविवार को ताजनगरी आगरा की बाह विधानसभा सीट से गठबंधन प्रत्याशी की जीत के लिए अखिलेश यादव ने एक जनसभा को संबोधित किया। सपा प्रमुख ने सबसे पहले सुर साम्राज्ञी लता मंगेशकर को श्रद्धांजलि दी। कहा कि उनके जैसा न कोई है और न होगा। समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर उनके सम्मान में बड़ा कार्यक्रम किया जाएगा। भारत रत्न अटल बिहारी की जन्मस्थली बटेश्वर से उन्होंने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। कहा कि बटेश्वर अटल बिहारी वाजपेयी का पैतृक स्थल है, लेकिन भाजपा ने यहां कोई काम नहीं किया। सपा सरकार बनने पर युवाओं का भविष्य सुधारने के लिए यहां अटल बिहारी वाजपेयी के सम्मान में एक विश्वविद्यालय बनाया जाएगा। बटेश्वर को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का काम किया जाएगा।
सपा प्रमुख ने कहा कि यह चुनाव देश के भविष्य का चुनाव है। कोरोना संक्रमण काल में सरकार लोगों को इलाज नहीं दे सकी। सपा सरकार में दी गईं एंबुलेंस गांव-गांव पहुंचीं और लोगों को अस्पताल लेकर आई। डायल 100 को बदल दिया लेकिन सुविधाएं नहीं बढ़ाई। पुलिस की गाड़ियों को कबाड़ा कर दिया। न टायर बदले न गाड़ियां बदलीं गईं। सपा सरकार में राममनोहर लोहिया अस्पताल बनाया गया। लेकिन भाजपा सरकार ने एक भी अस्पताल नहीं बनाया।