
लखनऊ. यूपी निकाय चुनाव की तैयारियों में जुटी आम आदमी पार्टी ने इस चुनाव के लिए एक समिति बनाने की घोषणा की है जो प्रत्याशियों के चयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। ये समिति नगर पंचायतों, नगर निगम और नगर पालिका के साथ कोऑर्डिनेट करेगी। आप के प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह को इस चुनाव समिति का अध्यक्ष घोषित किया गया है। सदस्य के तौर पर ब्रजकुमारी सिंह,
अनूप पांडेय, सरबजीत सिंह मक्कड़, सुबोध यादव, निर्मल मिश्रा को शामिल किया गया है।
आम आदमी पार्टी के यूपी प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि ये चुनाव समिति प्रत्याशियों का चयन करेगी और अलग अलग क्षेत्र में दौरा करेगी। उन्होंने कहा कि नवंबर-दिसंबर तक उत्तर प्रदेश में निकाय चुनाव होने हैं और ‘आप’ भी काफी लम्बे समय से क्षेत्रों के अंदर कमेटी बनाने का काम कर रही है। हमने पहले से ही उत्तर प्रदेश में वार्ड अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष बनाने जैसा अभियान चला रखा है।
आप ने जारी की प्रदेश प्रवक्ताओं की सूची
आम आदमी पार्टी ने यूपी में पार्टी प्रवक्ताओं की लिस्ट जारी कर दी है। प्रवक्ताओं की लिस्ट में प्रिंस सोनी, इंद्रेश सोनकर,
विकास शर्मा, मुकेश कुमार सिंह, रमन सिंह, तरुणिमा श्रीवास्तव, संजीव मिश्रा, डाक्टर एस पी सिंह, संजीव निगम, इमरान पामेला, सुशील सिंह पटेल, इरम रिज़वी, प्रशांत कुमार यादव, विनीत शर्मा, फैसल खान लाला, कीर्ति दिवेदी शामिल किये गए हैं।

5 सितंबर से आप चलाएगी “सेल्फ़ी विद स्कूल” अभियान
सांसद संजय सिंह ने कहा कि 5 सितम्बर से एक हफ्ते तक लगातार पार्टी “सेल्फ़ी विद सरकारी स्कूल” नाम का अभियान चलाएगी। इस अभियान में तमाम नागरिक जुड़ें और शैक्षिक स्तर का खुद विश्लेषण करें कि उनके बच्चों के साथ क्या हो रहा है। इस एक हफ्ते तक लगातार आम आदमी पार्टी प्रेस वार्ता करेगी और इन स्कूलों की दुर्दशा की तस्वीर और वीडियोज़ दिखाई जायेगी। उन्होंने सभी से अपील की है अपने क्षेत्र, मोहल्ले और क़स्बे में इस तरह के सभी स्कूलों की फोटो और वीडियो आप पार्टी को भेजें जिसके लिए उन्होंने एक नंबर भी जारी किया है जो 8382928009 है। उन्होंने बताया कि ये पार्टी के महामंत्री दिनेश पटेल का नंबर है और इसपर आप सूचना दीजिये।
संजय सिंह के निशाने पर बीजेपी
आम आदमी पार्टी के यूपी प्रभारी राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने रविवार को लखनऊ में प्रेसवार्ता की। इस दौरान उन्होंने यूपी की शिक्षा-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए योगी सरकार पर जमकर शब्दबाण चलाये। उन्होंने कहाकि यूपी के सरकारी स्कूलों की बदहाली और दुर्दशा में उत्तर प्रदेश प्रथम स्थान पर है। कहा कि उत्तर प्रदेश में 25 हज़ार 577 सरकारी स्कूल बंद हो चुके हैं, मध्य प्रदेश में 22 हज़ार 824 सरकारी स्कूल बंद हुए हैं, आसाम में 6 हज़ार 271 सरकारी स्कूल बंद हो चुके हैं, उत्तराखंड में 1 हज़ार 101 सरकारी स्कूल बंद हुए हैं, कर्नाटका में 637 सरकारी स्कूल बंद हुए हैं और हरियाणा को भी शामिल किया जाए तो ये संख्या बहुत अधिक हो जाती है। संजय सिंह ने यूपी के मुख्यमंत्री से सवाल किया कि आज भी प्रदेश के बच्चे क्यों ज़मीन पर, टाट पटरी पर बैठ कर क्यों पढ़ते हैं? आज भी सरकारी स्कूलों में गाय भैंस गंदगी क्यों फैलाती हैं? क्यों लगभग 26 हज़ार सरकारी स्कूल उत्तर प्रदेश में बंद हो गए? इसी क्रम में कुछ उदहारण देते हुए संजय सिंह ने कहा की सोनभद्र में मिड डे मील में बच्चों को नमक रोटी दी जा रही है, देवरिया में बच्चों को भात और नमक दिया जा रहा है। एक चौंकाने वाला मामला कन्नौज से भी सामने आया है कि जब एक बच्चे ने मिड डे मील को लेकर शिकायत की कि हमको ठीक से खाना नहीं मिलता तो उसको जानवरों की तरह पीट पीट कर अधमरा कर दिया गया। संजय सिंह ने कहा की की तिमाही परीक्षा होने वाली है और बच्चों को 50 फीसदी तक किताबें नहीं उपलब्ध कराइ गईं हैं।

केजरीवाल की तारीफ
संजय सिंह ने कहा कि दूसरी तरफ दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की वजह से भारतीय राजनीति की तस्वीर बदल रही है क्यूंकि जाति, धर्म से निकलकर केजरीवाल ने राजनीति का रुख शिक्षा और चिकित्सा की तरफ मोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि आज दिल्ली के सरकारी स्कूलों को देख लीजिये तो वहां की शानदार व्यवस्था भाजपा शासित प्रदेशों की सरकारी स्कूलों की दुर्दशा पर एक करारा जवाब है।
यह भी पढ़ें: यूपी नगर निकाय चुनाव की तैयारी शुरू, निर्वाचन आयोग ने सभी जिलाधिकारियों दिये ये निर्देश